दिल्ली में सर्दी कराएगी इंतजार!: वर्ष 1951 के बाद इस साल अक्तूबर का महीना रहा गर्म; फिलहाल नहीं गिरेगा तापमान
Delhi Weather Update News: न्यूनतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई है। सामान्य से चार डिग्री ऊपर तापमान है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा।
विस्तार
वर्ष 1951 के बाद इस साल अक्तूबर का महीना गर्म रहा। अब सात दिन बीत जाने के बाद नवंबर भी गर्म बना हुआ है। शुष्क मौसम और बारिश नहीं होने के कारण नवंबर में भी गर्मी का अहसास हो रहा है। आलम यह है कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों ही बढ़े हुए हैं। पहाड़ों में बर्फबारी नहीं होने के कारण ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों तक नहीं आ रही हैं। इस कारण से सर्दी का इंतजार भी लंबा होता जा रहा है। फिलहाल बारिश के आसार नहीं है और इस कारण से तापमान में भी गिरावट की संभावना नहीं है।
दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 31.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं हुई और हवाएं ठंडी नहीं हैं जिससे कि ठिठुरन बने। फिलहाल मौसम में किसी प्रकार के परिवर्तन की संभावना नहीं है इस कारण में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान भी नहीं है। आगामी 13 नवंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, लेकिन इसका असर पहाड़ों के ऊंचे इलाकों तक ही रहेगा। बर्फबारी होने पर उसका असर इतना नहीं होगा कि उसके कारण मैदानी इलाकों तक ठंडी हवाए आएं।
नवंबर के पहले सप्ताह में औसत न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक है। विभाग के अनुसार 9 नवंबर तक अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के बीच रहेगा। जबकि 10 नवंबर से 13 नवंबर के बीच अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री और 16-17 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा व कुहासा बना रहेगा।
आज का तापमान
अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त और सूर्योदय
08 नवंबर को सूर्यास्त शाम 5:31 मिनट
09 नवंबर को सूर्योदय सुबह 6:39 मिनट