डांस पर टोका-टोकी से विवाद: ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में होली पर गार्ड और निवासियों में लाठी-डंडे चले, Video
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में होली मिलन के दौरान डांस पर टोकने से विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया। सोसायटी के गार्डों ने लाठियों से पीटा, निवासियों ने भी जवाबी हमला किया। पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया।
विस्तार
ग्रेनो वेस्ट स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी में होली के दिन रंग लगाने के साथ डांस को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि सुरक्षा गार्ड द्वारा डांस कर रहे कुछ निवासियों को रोकने पर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में लाठी-डंडों तक पहुंच गई। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बिसरख कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों पक्षों से कुल दस लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोसायटी परिसर में होली मिलन कार्यक्रम चल रहा था। निवासी रंग-गुलाल के साथ डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने कुछ लोगों को शोर नहीं करने के साथ अनुशासन का हवाला देते हुए टोका।
इस बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते अन्य सुरक्षा गार्ड भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की होने लगी। आरोप है कि तीन से चार सुरक्षा गार्डों ने लाठी से कुछ निवासियों की पिटाई कर दी।
वहीं, निवासियों की ओर से भी हाथापाई की गई। मारपीट की यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर ली। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई। जांच के बाद दोनों पक्षों से कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मामले में आनंद, गुड्डू कुमार मालदार, प्रकाश राय, किशन, दीपक वहीं द्वितीय पक्ष से शिव कुमार शुक्ला, छबिनाथ, मदन लाल, राकेश और अनुराग कुमार को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ शांति भंग और मारपीट से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.