{"_id":"69e5f35c61dbed475c0d92b7","slug":"fire-breaks-out-in-society-due-to-ac-compressor-explosion-2026-04-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रेटर नोएडा: सोसायटी में एसी का कंप्रेशर फटने से लगी आग, जनहानि नहीं; निवासियों ने लगाए गंभीर आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्रेटर नोएडा: सोसायटी में एसी का कंप्रेशर फटने से लगी आग, जनहानि नहीं; निवासियों ने लगाए गंभीर आरोप
अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Mon, 20 Apr 2026 03:05 PM IST
विज्ञापन
सार
आग टावर-21 के फ्लैट नंबर 1202 में लगी। आग एसी का कंप्रेशर फटने के बाद शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। हालांकि, निवासियों का आरोप है कि यदि सोसायटी में फायर सेफ्टी सिस्टम सही तरीके से काम कर रहे होते, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
सोसायटी में एसी का कंप्रेशर फटने से लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
ग्रेनो वेस्ट स्थित ला रेजिडेंशिया हाई-राइज सोसायटी में सोमवार देर रात 12:30 बजे आग की घटना सामने आई। आग से पूरा फ्लैट जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
Trending Videos
जानकारी के अनुसार, आग टावर-21 के फ्लैट नंबर 1202 में लगी। आग एसी का कंप्रेशर फटने के बाद शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। हालांकि, निवासियों का आरोप है कि यदि सोसायटी में फायर सेफ्टी सिस्टम सही तरीके से काम कर रहे होते, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। निवासियों का कहना है कि आग लगने के बाद दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने में लगभग एक घंटा लग गया। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंचने के बाद भी दमकल कर्मियों को 12वीं मंजिल तक पहुंचकर आग पर काबू पाने में करीब 30 मिनट का अतिरिक्त समय लगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
इस देरी के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा फ्लैट जल गया। टावर में लगे फायर हाइड्रेंट काम नहीं कर रहे थे, पाइप कनेक्ट नहीं थे और अलार्म सिस्टम भी फेल रहा। ऐसे में शुरुआती समय में आग बुझाने का कोई प्रभावी साधन उपलब्ध नहीं था। जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
इस घटना के बाद रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। निवासियों ने पूरे परिसर में फायर सेफ्टी सिस्टम का स्वतंत्र ऑडिट कराने, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण और फायर विभाग द्वारा जांच कराने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि वे हर साल भारी-भरकम मेंटेनेंस शुल्क देते हैं, लेकिन बदले में बुनियादी सुरक्षा सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र में एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की सूचना मिली थी। जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
