{"_id":"6a5ba80f79cecee20e05da9f","slug":"four-youths-arrested-in-thar-suv-abducted-b-tech-student-in-greater-noida-2026-07-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रेटर नोएडा: चार युवकों ने किया बीटेक छात्र का अपहरण, बेरहमी से पीटा, स्कूटी से खाना खाकर लौट रहा था श्रेयश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्रेटर नोएडा: चार युवकों ने किया बीटेक छात्र का अपहरण, बेरहमी से पीटा, स्कूटी से खाना खाकर लौट रहा था श्रेयश
Sat, 18 Jul 2026 09:51 PM IST
अनुज कुमार
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
Published by: अनुज कुमार
Updated Sat, 18 Jul 2026 09:51 PM IST
सार
बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में थार सवार चार युवकों ने एक बीटेक छात्र का अपहरण कर लिया। छात्र के दोस्त की सूचना पर पुलिस ने पीछा किया। इसके बाद पुलिस ने थार को रोककर छात्र को मुक्त कराया।
विज्ञापन
पीड़ित छात्र
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को बीटेक के एक छात्र का थार सवार चार युवकों ने कथित तौर पर अपहरण कर लिया। छात्र को वाहन में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई और रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी दी गई। छात्र के दोस्त की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने पीछा कर मिग्सन बिलासा के पास थार को रोक लिया और छात्र को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया है। मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार मूलरूप से वाराणसी के गजोखर गांव निवासी श्रेयश सिंह ग्रेटर नोएडा की एक निजी यूनिवर्सिटी में बीटेक का छात्र है और बीटा-2 क्षेत्र में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रहा है। उसके मामा आशुतोष ने बताया कि कुछ समय पहले श्रेयश और उसके दोस्त ने मिग्सन बिलासा निवासी सचिन मिश्रा की टैक्सी कार किराये पर ली थी। कार चलाते समय दुर्घटना होने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था। आरोप है कि मरम्मत का खर्च और किराया पहले ही चुका दिया गया था, लेकिन बाद में सचिन ने अतिरिक्त रुपये की मांग शुरू कर दी। श्रेयश द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर वह रंजिश रखने लगा।
विज्ञापन
शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे श्रेयश अपने दोस्त काव्यांश के साथ स्कूटी से कमर्शियल बेल्ट में खाना खाने गया था। लौटते समय बीटा-1 स्थित सीएनजी पंप के पास पीछे से आई एक थार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इसके बाद चार युवक जबरन श्रेयश को थार में डालकर फरार हो गए। काव्यांश ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
विज्ञापन
शाम करीब छह बजे पुलिस ने मिग्सन बिलासा के पास थार को रोककर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और छात्र को उनके कब्जे से मुक्त करा लिया। श्रेयश ने अपने परिजनों को बताया कि आरोपी पूरे रास्ते कार के भीतर उसका मुंह दबाकर मारपीट करते रहे और लगातार रुपये देने का दबाव बनाते रहे। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित के मामा आशुतोष का आरोप है कि थार के पीछे एक अन्य कार भी चल रही थी, जिसमें चार युवक सवार थे और वे भी मुख्य आरोपी के साथी थे।
वहीं बीटा-2 कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।