सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   miscreants took senior associate of company hostage and got him transferred 50 thousand rupees In Noida

Greater Noida News: लघुशंका के लिए रुके कंपनी के सीनियर एसोसिएट, बदमाशों ने बंधक बनाकर ट्रांसफर कराए रुपये

माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा Published by: Rahul Kumar Tiwari Updated Sat, 07 Mar 2026 05:45 PM IST
विज्ञापन
सार

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 क्षेत्र में चार बदमाशों ने कंपनी के सीनियर एसोसिएट का अपहरण कर मारपीट की और मोबाइल छीनकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराए। पीड़ित मौका पाकर बदमाशों से भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

miscreants took senior associate of company hostage and got him transferred 50 thousand rupees In Noida
सांकेतिक  - फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन

विस्तार

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में कार सवार चार बदमाशों द्वारा एक कंपनी के सीनियर एसोसिएट का असलहे के बल पर अपहरण कर मारपीट करने और मोबाइल छीनकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसी तरह बदमाशों के चंगुल से भागकर बच निकला और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Trending Videos


जेवर क्षेत्र के गांव जेवर खादर निवासी बुद्धपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह नोएडा सेक्टर 62 स्थित इनोडेटा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सीनियर एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं। 4 मार्च की सुबह करीब पांच बजे वह अपनी टियागो ईवी कार से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। करीब साढ़े पांच बजे वह जीरो प्वाइंट से स्टेलर के पास शौच के लिए कार रोककर नीचे उतरे थे। आरोप है कि जैसे ही वह वापस अपनी कार में बैठने लगे तभी पीछे से एक नेक्सॉन कार आकर रुकी। उसमें से चार युवक उतरे और उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद बदमाशों ने असलहा दिखाकर उन्हें जबरन अपनी कार में बैठा लिया। आरोपियों ने उनकी टियागो कार को करीब तीन किलोमीटर आगे ले जाकर सड़क किनारे छोड़ दिया और उन्हें अपने साथ लेकर निकल गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने रास्ते में उनसे मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए बैंक खाते की जानकारी ली। आरोपियों ने उनके मोबाइल में मौजूद ऑनलाइन पेमेंट एप्लीकेशन जैसे फोनपे, गूगल पे और पेटीएम के पासवर्ड भी धमकाकर हासिल कर लिए। इसके बाद बदमाशों ने उनके घर फोन करवाकर खाते में एक लाख रुपये डलवाने को कहा। इस पर परिजनों ने घबराकर तत्काल 50 हजार रुपये उनके मोबाइल पर भेज दिए।

बदमाश उन्हें पहले नोएडा की ओर और फिर दादरी होते हुए हापुड़ की ओर ले गए। रास्ते में गांव मसोता के पास बदमाश लघुशंका के लिए रुके। उसी दौरान मौका देखकर बुद्धपाल सिंह वहां से भागकर पास खड़े लोगों की ओर दौड़ पड़े और शोर मचाने लगे। लोगों को इकट्ठा होता देख बदमाश उन्हें वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में बीएनएस की धारा 324(4), 115(2), 351(2) और 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसीपी ग्रेटर नोएडा अरविंद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed