Shrikant Tyagi Arrest: पत्नी को कॉल करने से पकड़ा गया भगोड़ा श्रीकांत त्यागी, 3 साथी भी पुलिस ने किए गिरफ्तार
महिला से बदजुबानी करने वाला श्रीकांत त्यागी मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ की टीम ने श्रीकांत त्यागी को मेरठ में उसके करीबी के घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

विस्तार

बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी भंगेल से खुद गाड़ी चलाकर मेरठ गया था। वह अपने करीबी के घर में छिपा था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। थोड़ी देर में पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि श्रीकांत त्यागी को मेरठ से नोएडा लाया जा रहा है।
पत्नी से बात करने पर पकड़ा गया श्रीकांत त्यागी
दरअसल, श्रीकांत त्यागी नोएडा से फरार होकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहुंच गया था। श्रीकांत त्यागी अपनी पत्नी से लगातार बात करने का प्रयास कर रहा था। इससे ही पुलिस को अहम सुराग मिले। मंगलवार की सुबह श्रीकांत त्यागी पत्नी से बात कर रहा था। मंगलवार की सुबह ही पत्नी को पुलिस ने फिर से पूछताछ के लिए बुलाया। तब पुलिस श्रीकांत तक पहुंच गई थी। यह भी जानकारी मिली है कि श्रीकांत त्यागी कोर्ट में सरेंडर करने के प्रयास में था। हालांकि पुलिस ने इससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया
#ShrikantTyagi arrested by Police near Noida in Uttar Pradesh: Uttar Pradesh Police Sources
In a recent viral video, Tyagi was seen assaulting and abusing a woman at Grand Omaxe in Noida's Sector 93 and was on a run ever since. pic.twitter.com/lVqeva3CGh — ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) August 9, 2022
यह था पूरा मामला
आपको बता दें कि ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में रहने वाले श्रीकांत त्यागी का शुक्रवार को कुछ पौधे लगाने को लेकर महिलाओं से विवाद हो गया था। महिलाओं ने श्रीकांत त्यागी पर पौधे लगाकर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। श्रीकांत ने एक महिला से अभद्रता करते हुए गालियां देकर धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि श्रीकांत ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीचबचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा, ‘तुम पौधे टच करोगी तो मैं तुम्हें टच करूंगा।’ इसके बाद महिलाओं की नाराजगी और बढ़ गई।
वहीं, सोसाइटी के लोगों ने सभी पौधों को उखाड़ दिया। करीब चार घंटे तक सोसाइटी में विवाद चलता रहा। वहीं, घटना का वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। इसके बाद शहर के लोगों ने आरोपी के खिलाफ भड़ास निकालनी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की टिप्पणियों से नाराजगी जताई।