नोएडा: भगोड़े श्रीकांत त्यागी पर 25 हजार का इनाम घोषित, आरोपी के घर में हुए अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता, गाली गलौज और धक्कामुक्की करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी पर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 25 हजार का ईनाम घोषित किया है। इससे पहले त्यागी के घर अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई की गई। नोएडा अथॉरिटी की टीम ने श्रीकांत त्यागी के घर में अवैध निर्माण को तोड़ा। बुलडोजर और अथॉरिटी के लोगों ने अवैध निर्माण को गिराया।

विस्तार

आपको बता दें कि श्रीकांत त्यागी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस आरोपी की तालश में जुटी है। श्रीकांत की आखिरी लोकेशन उत्तराखंड के ऋषिकेश में मिली है। कई बार उसका मोबाइल स्विच ऑफ और ऑन हुआ। नोएडा पुलिस की कई टीम उत्तराखंड में श्रीकांत त्यागी की तलाश में जुटी हैं।
इससे पहले, सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में थाना फेज 2 के प्रभारी सुजीत उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है। नोएडा के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने बताया कि पड़ताल में पाया गया है कि सुजीत उपाध्याय ने इस मामले में लापरवाही बरती। इससे पहले उन सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया जो ओमेक्स सोसायटी में घुस आए थे। उनसे पूछताछ की जा रही है और मुख्य आरोपी श्रीकांत त्यागी की तलाश की जा रही है।
#WATCH | Uttar Pradesh: Noida administration demolishes the illegal administration at the residence of #ShrikantTyagi, at Grand Omaxe in Noida's Sector 93.
Tyagi, in a viral video, was seen abusing and assaulting a woman here in the residential society. pic.twitter.com/j6OOhrBaz6 — ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) August 8, 2022
श्रीकांत त्यागी मामले पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सीएम ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है, हम आरोपी को छोड़ेंगे नहीं। कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रियंका बोली-बुलडोजर कार्रवाई दिखावटी
वहीं, नोएडा अथॉरिटी की कार्रवाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हमला बोला। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि क्या इतने वर्षों से भाजपा सरकार को नहीं पता था कि नोएडा के भाजपा नेता का निर्माण अवैध है? बुलडोजर कार्रवाई दिखावटी है। इन सवालों के जवाब से सरकार बच रही है। एक महिला के साथ खुलेआम अभद्रता और 10-15 गुंडे भेजकर महिलाओं को धमकाने की हिम्मत उसे कौन दे रहा है? कौन है जो उसको बचाता रहा? किसके सरंक्षण में उसका गुंडाराज और अवैध कारोबार फला-फूला?
क्या इतने सालों से भाजपा सरकार को नहीं पता था कि नोएडा के भाजपा नेता का निर्माण अवैध है? बुलडोजर कार्रवाई दिखावटी है। इन सवालों के जवाब से सरकार बच रही है
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) August 8, 2022
एक महिला के साथ खुलेआम अभद्रता व 10-15 गुंडे भेजकर महिलाओं को धमकाने की हिम्मत उसे कौन दे रहा है? कौन है जो उसको बचाता रहा? pic.twitter.com/3tICtFylMw
श्रीकांत त्यागी ने महिला के साथ की थी अभद्रता
सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि श्रीकांत ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीचबचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा, ‘तुम पौधे टच करोगी तो मैं तुम्हें टच करूंगा।’ इसके बाद महिलाओं की नाराजगी और बढ़ गई।
वहीं, सोसाइटी के लोगों ने सभी पौधों को उखाड़ दिया। करीब चार घंटे तक सोसाइटी में विवाद चलता रहा। वहीं, घटना का वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। इसके बाद शहर के लोगों ने आरोपी के खिलाफ भड़ास निकालनी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की टिप्पणियों से नाराजगी जताई।
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग की चेयरमैन स्वाति मालीवाल ने भी नाराजगी जताते हुए नोएडा पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी नेता के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया।