सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   first cargo flight landed at Noida International Airport today

Noida Airport: कार्गो हब से पश्चिमी यूपी के उत्पादों को लगेंगे पंख, किसानों-व्यापारियों को पहुंचेगा बड़ा लाभ

अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा Published by: Vijay Singh Pundir Updated Wed, 17 Jun 2026 08:16 AM IST
विज्ञापन
सार

नोएडा एयरपोर्ट पर कार्गो शुरू होने पर पश्चिमी यूपी के व्यापारियों को सबसे ज्यादा लाभ होगा। क्योंकि अभी उन्हें दिल्ली जाने में ज्यादा समय और रुपये खर्च करने होते हैं। इस एयरपोर्ट का सबसे ज्यादा फायदा किसानों को मिलेगा। यूपी के साथ ही प्रदेश के बॉर्डर से सटे राज्य हरियाणा, राजस्थान समेत पंजाब और आसपास के किसान अपने कृषि उत्पादों को भी विदेशों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे।

first cargo flight landed at Noida International Airport today
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू हुई कार्गो सेवा - फोटो : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू हुई कार्गो सेवा
विज्ञापन

विस्तार

यात्री सेवा के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बुधवार को कार्गो सेवा की शुरुआत हो गई है। अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कार्गो हब बनने के बाद आने वाले समय में पश्चिमी यूपी के उत्पादों की धमक विदेशों तक आसानी से पहुंच सकेगी। एयरपोर्ट में बने कार्गो के जरिए व्यापारी आसानी से अपने उत्पादों को विदेशों तक पहुंचा सकेंगे। वहीं, विदेश से सामान मंगाना भी आसान हो जाएगा। अभी उन्हें अपने उत्पाद को विदेशों तक पहुंचाने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्यों का सहारा लेना पड़ता है।

उत्तर प्रदेश समेत आसपास के जिलों की दिल्ली इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्गो में अभी लगभग 40 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। क्योंकि अभी प्रदेश में कार्गो की सुविधा नहीं है, इसलिए व्यापारियों को अपना सामान विदेशों तक पहुंचाने के लिए दिल्ली जाना होता है। नोएडा से व्यवस्थाएं शुरू होने के बाद यह 40 प्रतिशत हिस्सेदारी जेवर में आ जाएगी, जिससे दिल्ली का लोड भी कम होगा और व्यापारी आसानी से अपना सामान भेज सकेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

नोएडा एयरपोर्ट पर कार्गो शुरू होने पर पश्चिमी यूपी के व्यापारियों को सबसे ज्यादा लाभ होगा। क्योंकि अभी उन्हें दिल्ली जाने में ज्यादा समय और रुपये खर्च करने होते हैं। इसके अलावा उन्हें ट्रैफिक और दिल्ली के कार्यों में एडवांस बुकिंग को देखते हुए पहले ही अपना माल भेजना पड़ता है। नोएडा से यह व्यवस्था शुरू होने के बाद पश्चिमी यूपी में बनने वाली दवाइयां, ताले, पीतल के बर्तन, टेक्सटाइल उत्पाद समेत विभिन्न वस्तुएं आसानी से विदेशों तक जा सकेंगी।

विज्ञापन

कृषि निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
कार्गो हब बनने के बाद इस एयरपोर्ट का सबसे ज्यादा फायदा किसानों को मिलेगा। यूपी के साथ ही प्रदेश के बॉर्डर से सटे राज्य हरियाणा, राजस्थान समेत पंजाब और आसपास के किसान अपने कृषि उत्पादों को भी विदेशों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे। कार्गो हब के अंदर अत्यधिक क्षमता का डीप फ्रीजर भी तैयार किया जा रहा है, जो कृषि और दुग्ध उत्पादों को संभाल सकेगा। क्योंकि इन्हें संभालने के लिए एयरपोर्ट के अंदर एकीकृत स्थान होगा। कोल्ड चेन की सुविधा के चलते कृषि, दुग्ध और मीट उत्पाद खराब नहीं होंगे।

कार्गो संचालन में मददगार होगी अफकॉम कंपनी
एआई सेट्स और यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड ने नोएडा एयरपोर्ट से कार्गो संचालन के लिए साझेदारी की थी। यह साझेदारी अफकॉम कंपनी के साथ हुई है। चेन्नई स्थित इंटरनेशनल कार्गो एयरलाइन अफकॉम तीन बोइंग 737-800 मालवाहक विमानों के बेड़े का संचालन करती है। यह बैंकॉक, यांगून, हनोई, कोलंबो, माले और दुबई सहित प्रमुख गंतव्यों को सेवाएं प्रदान करती है। इससे उत्तर भारत में एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स और कार्गो हब के रूप में एयरपोर्ट की स्थिति और मजबूत होगी। 

बैंगलुरू, नवीं मुंबई और जम्मू के लिए भी उड़ान शुरू
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए) से वाणिज्यिक उड़ान शुरू होने के अगले दिन मंगलवार को अकासा एयर ने नोएडा से नवी मुंंबई और बंगलुरू के लिए फ्लाइटें शुरू की हैं। इसी के साथ इंडिगो ने भी जम्मू के लिए अपनी नियमित सेवा शुरू कर दी। एयरपोर्ट पर दूसरे दिन 12 विमान उतरे और सभी अलग अलग शहरों के लिए उड़ान भरी।

अकासा एयर की पहली फ्लाइट सुबह नवी मुंबई से सुबह 9:35 बजे नोएडा पहुंची। यही फ्लाइट 10:15 बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुई और दोपहर 12:30 बजे नवी मुंबई पहुंची। नवीं मुंबई की फ्लाइट को लेकर भी एयरपोर्ट में लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना था कि दिल्ली के मुकाबले यह एक बेहतर और सुविधाजनक विकल्प बन सकता है। अकासा एयर ने नवी मुंबई के साथ बेंगलुरु के लिए नियमित उड़ानें शुरू की हैं। दोनों मार्गों पर हर दिन उड़ानें संचालित की जाएंगी। वहीं, बंगलुरु से अकासा की फ्लाइट शाम 4:25 बजे रवाना हुई, जो शाम 7:15 बजे नोएडा पहुंची। इसी फ्लाइट ने नोएडा से 7:55 बजे उड़ान भरी और रात 11 बजे यात्रियों को लेकर बंगलुरु पहुंची।

एयरपोर्ट पर मनाया गया जश्न
अकासा एयर की उड़ाने शुरू होने पर एयरपोर्ट पर केक काटकर जश्न मनाया गया। एयर लाइन की ओर से नवी मुंबई की पहली उड़ान बुक करने वाले परिवार को उपहार देकर उनका उत्साह भी बढ़ाया गया। अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने इस दौरा कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से परिचालन शुरू करना कंपनी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। नोएडा एयरपोर्ट के उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ श्नेलमान ने कहा कि अकासा एयर के जुड़ने से यात्रियों के लिए यात्रा के अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद दूसरे दिन इंडिगो की सभी तय उड़ानें समय पर संचालित हुईं। लखनऊ, हैदराबाद, बेंगलुरु, जम्मू और अमृतसर के लिए उड़ान सेवाएं जारी रही। इंडिगो ने दूसरे दिन जम्मू के लिए अपनी नियमित सेवाएं भी शुरू कर दी। मंगलवार को एयरपोर्ट पर कुल 12 विमान उतरे और उड़ान भरे।

ई-बसों तक पहुंचने में परेशानी
एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों को देखते हए यहां ऑन-डिमांड कैब सेवा उपलब्ध है। विभिन्न कैब कंपनियों की ओर से एयरपोर्ट पर अपने काउंटर भी स्थापित कर दिए गए हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी न हो। कैब के साथ परिसर में ई बसों की सुविधा भी मौजूद है। ई बसों के मिलने का स्थान टर्मिनल से दूर होने के कारण लोगों को वहां तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed