कलाधाम सोसायटी हादसे में कार्रवाई: ठेकेदार और सुपरवाइजर समेत तीन गिरफ्तार; गड्ढे में डूबकर हुई थी मासूम की मौत
सोसाइटी में बोरिंग के लिए गड्ढा खोदा गया था और उसकी घेराबंदी नहीं की गई थी। शनिवार रात अव्यान गड्ढे में गिर गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा की कलाधाम सोसाइटी में पानी से भरे गड्ढे में डूबकर हुई छह साल के अव्यान की मौत के मामले में ठेकेदार और सुपरवाइजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोसाइटी में बोरिंग के लिए गड्ढा खोदा गया था और उसकी घेराबंदी नहीं की गई थी। शनिवार रात अव्यान गड्ढे में गिर गया था।
ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रविशंकर निम ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर नॉलेज पार्क थाने में मामला दर्ज किया गया है। रविवार को तीन आरोपियों गाजियाबाद निवासी ठेकेदार मनोज जैन (53), बुलंदशहर निवासी और जल विभाग में तकनीकी सुपरवाइजर आकाश कुमार (26) और गाजियाबाद निवासी सुपरवाइजर अनुज कुमार उर्फ जॉनी कुमार (35) को गिरफ्तार किया गया। उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस को दी शिकायत में अव्यान के पिता सिवान यादव ने कहा है कि घटना स्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टिव मार्किंग या अन्य सुरक्षा उपाय किए गए होते तो बेटे की जान बच सकती थी।
मासूम की मौत के बाद जागा प्राधिकरण
हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की नींद खुली है। प्राधिकरण ने गिरफ्तार सुपरवाइजरों आकाश कुमार और जॉनी कुमार को लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। वहीं ठेकेदार फर्म सुप्रीम इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन को ब्लैकलिस्ट कर प्रोपराइटर मनोज कुमार जैन के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने एफआईआर दर्ज कराई गई है। सीईओ रवि कुमार एनजी ने जीएम एके सिंह को इस मामले में संबंधित इंजीनियरों की भूमिका की जांच कर 48 घंटे में रिपोर्ट देने को कहा है। रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार इंजीनियरों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
तीन अधिकारी से सारे काम छीने
सीईओ ने कहा कि शुरुआती जांच में वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा, प्रबंधक गरिमा सिंह और सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी की लापरवाही सामने आई है। देर रात ही इन तीनों से सारे काम वापस ले लिए गए हैं और उन्हें ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को निलंबित करने के लिए शासन को संस्तुति भेज दी गई है।
मौके पर नहीं मिले सुरक्षा इंतजाम, जिला प्रशासन की रिपोर्ट में भी खुलासा
कलाधाम में छह साल के बच्चे की मौत में मौके पर लापरवाही मिली है। प्राधिकरण ने गड्ढे की बैरिकेडिंग नहीं कराई है। साथ ही वहां पर कोई चेतावनी बोर्ड भी नहीं है। जिला प्रशासन की रिपोर्ट में भी इसका खुलासा हुआ है। एसडीएम सदर ने जांच रिपोर्ट जिला आपदा प्राधिकरण के प्रभारी अधिकारी को सौंपी है। जिसमें सिफारिश की है कि दोषियों पर कार्रवाई के लिए प्राधिकरण को पत्र लिखा जाए। घटना को राज्य आपदा बताया हैं।