Delhi Crime: पुलिस ने तीन लाख के नकली नोटो के साथ तीन को किया गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल से दिल्ली तक फैला नेटवर्क
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने नकली नोट सप्लाई करने वाले एक सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सिंडिकेट दिल्ली-एनसीआर से मालदा (पश्चिम बंगाल) तक फैला हुआ था। इनके कब्जे से तीन लाख रुपये की कीमत के नकली नोट बरामद किए गए हैं। ये नकली नोट मालदा, पश्चिम बंगाल से आई थी। सभी नकली नोट 200 रुपये के रूप में थे।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त चंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली में नकली भारतीय करेंसी नोटों (एफआईसीएन) की एक बड़ी खेप की डिलीवरी के बारे में 13/14 जून की रात को एक विशेष और विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि नकली करेंसी की गतिविधियों में शामिल एक आदतन अपराधी निवासी नरेंद्र कुमार उर्फ सेक्रेटरी उर्फ कल्लू दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रसार के लिए जिला मालदा, पश्चिम बंगाल से लाई गई नकली भारतीय करेंसी नोटों की खेप लेगा।
इंस्पेक्टर अजय गहलावत व एसआई कपिल सिंह की टीम ने दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-18 में मुनक नहर के पास घेराबंदी की और यहां से तीनों आरोपी इंदिरा कॉलोनी, रोहतक, हरियाणा निवासी नरेंद्र कुमार उर्फ सेक्रेटरी उर्फ कल्लू पुत्र रामेश्वर, वैष्णवनगर, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल निवासी अस्तारुल पुत्र मोकबुल और राइज़ुल हक पुत्र फैज़ुल हक को गिरफ्तार कर लिया। इनकी तलाशी के दौरान, उनके पास से 200 रुपये के नोटों के रूप में 3,00,000 रुपये मूल्य के नकली भारतीय नोट बरामद किए गए। बरामद नोटों की शुरुआती जांच में एक जैसे सीरियल नंबर और असली सुरक्षा फीचर्स की कमी पाई गई, जिससे पता चला कि नोट नकली थे।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी नरेंद्र कुमार उर्फ सेक्रेटरी उर्फ कल्लू दिल्ली-एनसीआर में नकली करेंसी लेने और बांटने का मुख्य काम करता था। आरोपी अस्तारुल और राइज़ुल हक कैरियर और सप्लायर के तौर पर काम कर रहे थे और पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से नकली करेंसी लाते थे। नकली करेंसी के स्रोत का पता लगाने और इस रैकेट में शामिल पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया है। नरेंद्र कूमार के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा व पश्चिमी बंगाल में 12 व राइजुल एक मामले में शामिल है।