Delhi-NCR: मानसून की लेटलतीफी, रात में भी दिन जैसी गर्मी का एहसास, आज से अगले छह दिन राहत की फुहार के आसार
दिल्ली में अब केवल अधिकतम तापमान ही गर्मी की गंभीरता तय नहीं करेगा। आने वाले समय में हीट इंडेक्स (फील्स लाइक टेम्परेचर) ही लोगों के लिए असली खतरे का पैमाना बनता जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानसून की लेटलतीफी से सूरज कड़े तेवर के बीच दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। आसमान से ऐसा लग रहा है मानों आग बरस रही हो। मौसम शुष्क बना रहने की वजह से दिन के साथ रात के तापमान में भी इजाफा हो रहा है। सोमवार को भी लोग गर्मी और उमस से परेशान नजर आए। दिल्ली में असल तापमान के मुकाबले गर्मी अधिक महसूस की गई। ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ धूप और तेज होती गई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हीट इंडेक्स यानी महसूस होने वाला तापमान 52 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन दिनों रात में भी दिन के जैसा गर्मी का अहसास हो रहा है।
आज से अगले छह दिन राहत की फुहार पड़ने के आसार, गिरेगा पारा
दिल्ली में अगले छह दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में 30 जून से 5 जुलाई के बीच मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं, मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नए पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसका असर 30 जून की सुबह देखने को मिल सकता है। इन दिनों आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
राजधानी में गर्मी का बदल रहा मिजाज
दिल्ली में अब केवल अधिकतम तापमान ही गर्मी की गंभीरता तय नहीं करेगा। आने वाले समय में हीट इंडेक्स (फील्स लाइक टेम्परेचर) ही लोगों के लिए असली खतरे का पैमाना बनता जा रहा है। इसकी वजह मई और जून के दौरान हवा में लगातार बढ़ने वाली आर्द्रता है, जो वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी का एहसास कराती है।
दिल्ली में इसका असर पिछले कुछ साल में लगातार देखने को मिला। दिल्ली में आमतौर पर जून और जुलाई के दौरान नमी बढ़ जाती है, जिससे हीट इंडेक्स या महसूस होने वाला तापमान बढ़ जाता है। साथ ही, इस सीजन दिल्ली में लू के तीन दौर अप्रैल, मई और जून में देखे गए।
मौसम विभाग के आकंड़ों पर नजर डालें तो, 5 जुलाई 2025 को वास्तविक तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन लोगों ने 54 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस की। इसी तरह 22 मई 2024 को तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि हीट इंडेक्स 55.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस साल भी जून के अंतिम दिनों में यही स्थिति देखने को मिल रही है। पिछले तीन दिन से फील्स लाइक तापमान लगातार 50 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। 27 जून को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हीट इंडेक्स 51.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 28 जून को वास्तविक तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन महसूस होने वाला तापमान 50.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।