Independence Day 2026: राजधानी की सुरक्षा को अभेद करने की तैयारी, ऐसी कारों पर पुलिस का शिकंजा, निगरानी बढ़ी
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस सेकंड हैंड कार कारोबार पर विशेष नजर रख रही है। आतंकियों द्वारा इनके इस्तेमाल की आशंका पर खरीदारों-विक्रेताओं का सत्यापन होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी की सुरक्षा को अभेद करने के लिए दिल्ली पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बार दिल्ली पुलिस की नजर सेकेंड हैंड कार के कारोबार पर है। आतंकी अकसर धमाके में सेकेंड हैंड कार का इस्तेमाल करते हैं, दिल्ली के लालकिला के पास हुए धमाके में भी कार के इस्तेमाल को लेकर पुलिस सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं करना चाह रही है। सभी जिले के पुलिस उपायुक्त और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सेकेंड हैंड कार बेचने और खरीदने वालों का सत्यापन करें। मकसद साफ है कि बिना कागजात या संदिग्ध तरीके से खरीदा-बेचा गया कोई वाहन सुरक्षा के लिए खतरा न बन सके।
पुलिस मुख्यालय में शनिवार को हुई आला पुलिस अधिकारियों की बैठक में इस पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने राजधानी में संभावित खतरों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा की। इसके बाद सभी जिलों को अपने-अपने क्षेत्र में पुराने वाहनों के कारोबार की गहन जांच पड़ताल करने के निर्देश दिए गए।
डीलर से लेकर खरीदार तक की होगी पड़ताल
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस सेकेंड हैंड कार बाजार, डीलरों और ब्रोकरों के रिकॉर्ड को खंगालेगी। पुलिस इन बिंदुओं पर जांच करेगी कि वाहन किससे खरीदा गया, किसे बेचा गया, आरसी ट्रांसफर हुई या नहीं, खरीदार और विक्रेता का पता क्या है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लालकिले के पास आई-20 विस्फोट ने बढ़ाई चिंता
पिछले साल लालकिले के पास हुए आई-20 कार विस्फोट की जांच में सामने आया था कि धमाके में इस्तेमाल की गई हुंडई आई-20 कई लोगों के बीच खरीदी-बेची गई थी, लेकिन उसका आधिकारिक स्वामित्व ट्रांसफर नहीं कराया गया था। पुलिस के लिए यह तथ्य अहम सबक बना। पुलिस को आशंका है कि इस तरह के कार का आतंकी नेटवर्क के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
बॉर्डर से कबाड़ी बाजार तक निगरानी
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली के सभी प्रवेश-निकास मार्गों, होटल, गेस्ट हाउस, किरायेदारों, कबाड़ी बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई जा रही है। स्थानीय पुलिस के साथ विशेष इकाइयों को भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बॉर्डरों और हर मार्ग पर तैनात यातायात पुलिस के जवानों को भी अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों पर चौकस निगरानी रखने के लिए कहा गया है। संदिग्ध हालात में तत्काल उनका सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा में छोटी चूक भी नहीं होगी बर्दाश्त
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि पुराने वाहनों का सत्यापन सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए इस बार इसे विशेष अभियान के तौर पर चलाया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की पहचान समय रहते हो जाए और राजधानी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोई गुंजाइश न बचे।