{"_id":"69cecd0e76be01fcd30ddad3","slug":"severe-shortage-of-small-cylinders-in-delhi-illegal-refilling-racket-in-full-swing-2026-04-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gas Crisis: दिल्ली में छोटे सिलिंडर की भारी किल्लत, अवैध रीफिलिंग का धंधा जोरों पर; बुकिंग के बाद भी इंतजार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gas Crisis: दिल्ली में छोटे सिलिंडर की भारी किल्लत, अवैध रीफिलिंग का धंधा जोरों पर; बुकिंग के बाद भी इंतजार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 03 Apr 2026 01:40 AM IST
विज्ञापन
सार
कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतार रोज लग रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे सिलिंडरों की किल्लत से हो रही है।
demo
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
राजधानी में बुकिंग कराने के बावजूद लोगों को एलपीजी सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतार रोज लग रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे सिलिंडरों की किल्लत से हो रही है। इस कमी ने अवैध रिफिलिंग के धंधे को खुली छूट दे दी है, जिससे न सिर्फ उपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ रहा है, बल्कि सुरक्षा पर गंभीर खतरा भी खड़ा हो गया है।
Trending Videos
आरके पुरम, द्वारका, उत्तम नगर, लक्ष्मी नगर, शाहदरा, मयूर विहार और संगम विहार समेत कई इलाकों में उपभोक्ताओं को सिलिंडर लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं के अनुसार, ऑनलाइन बुकिंग के दौरान जो डिलीवरी तारीख दी जाती है, उस पर सिलिंडर घर तक नहीं पहुंचता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
कई एजेंसियों पर छोटे सिलिंडर या तो मिलते ही नहीं या बेहद सीमित संख्या में उपलब्ध होते हैं, जो जल्दी खत्म हो जाते हैं। ठेला चलाने वालों, छोटे दुकानदारों और किराए पर रहने वाले लोगों के लिए यह स्थिति ज्यादा गंभीर है, क्योंकि वह बड़े सिलिंडर का खर्च नहीं उठा सकते। मजबूरी में उन्हें महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है।
अभी तक पुलिस की सख्ती नहीं होने से गैस की कालाबाजारी करने वालों को खुली छूट थी, जिसकी वजह से हर गली और मोहल्ले में 80 से 90 रुपये में एक किलो गैस मिल जाती थी लेकिन गैस किल्लत होते ही अवैध रिफलिंग करने वालों प्रति किलो गैस के दाम बढ़ाकर 200 से 400 रुपये कर दिए। इस बीच पुलिस ने भी सख्ती कर दी, जिससे दिक्कत और बढ़ गई है।
एजेंसियों ने कमी से किया इनकार
गैस एजेंसियों का दावा है कि सिलिंडर की आपूर्ति सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। एजेंसियों के मुताबिक, ज्यादातर उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी मिल रही है। कुछ मामलों में ट्रांसपोर्ट या तकनीकी कारणों से देरी हो सकती है, लेकिन इसे बड़ी समस्या नहीं माना जा सकता।
डिलीवरी सिस्टम पर उठ रहे सवाल
उपभोक्ताओं का आरोप है कि डिलीवरी कर्मी आने की सूचना देते हैं लेकिन सिलिंडर नहीं पहुंचता। मजबूरन लोगों को खुद एजेंसी जाकर सिलिंडर लेना पड़ रहा है। मयूर विहार के निवासी राजन ने बताया कि अगर डिलीवरी से जुड़ी सही और समय पर जानकारी मिले तो परेशानी काफी हद तक कम हो सकती है। खासकर कामकाजी परिवारों और छोटे बच्चों वाले घरों में परेशानियां हैं।
अलीपुर में अवैध एलपीजी रिफिलिंग के खिलाफ एफआईआर दर्ज
गैस सिलिंडर की कालाबाजारी पर सरकार ने सख्त कदम उठाया है। अलीपुर में छारा मारकर कर अवैध रिफिलिंग का बड़ा मामला पकड़ा गया है। यह कार्रवाई 1 अप्रैल को एक न्यूज चैनल पर दिखाए गए स्टिंग ऑपरेशन के बाद की गई। संयुक्त टीम, जिसमें फूड एंड सप्लाइज विभाग और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने 2 अप्रैल को मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच में पाया गया कि वहां अवैध तरीके से एलपीजी सिलिंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी, जो न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि बेहद खतरनाक भी है। अधिकारियों ने तीन उपभोक्ता पासबुक भी बरामद किए, जिनका इस्तेमाल सब्सिडी वाले सिलिंडर लेकर अवैध रूप से छोटे सिलिंडरों में भरकर बेचने के लिए किया जा रहा था। मौके से मिले सभी सामान को जब्त कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सरकार सख्त, जारी किया शिकायत नंबर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ऐसी गतिविधियों पर सख्त नजर रखे हुए हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी या सप्लाई सिस्टम से छेड़छाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सरकार ने निगरानी मजबूत करने के लिए 13 जिला स्तरीय टीमें बनाने को मंजूरी दी है, जिनकी अगुवाई एसडीएम (हेडक्वार्टर) करेंगे। यह टीमें शिकायतों और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करेंगी। सरकार ने लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 011-23379836 और 8383824659 पर सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे के बीच दें। इसके अलावा, रोजाना शाम 4 बजे विकास भवन में प्रेस ब्रीफिंग की जाएगी।
पालम में एलपीजी रीफिल करने वाले गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में एलपीजी सिलिंडरों की जमाखोरी करने और रिफिलिंग करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों अनार सिंह, सत्यवीर और विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों दिल्ली निवासी हैं। इनके पास से 45 घरेलू गैस सिलिंडर और एक टेंपो बरामद किया गया है।
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित गोयल ने बताया कि 28 मार्च को पालम पुलिस ने एक सूचना के आधार पर आदर्श गली में एक खाली प्लॉट पर छापा मारा तो वहां भारत गैस कंपनी के सिलिंडर और एक टेंपो खड़ा मिला। यहां से गैस भरने के लिए इस्तेमाल होने वाले तीन उपकरण और वजन तोलने वाली मशीन भी जब्त की गई है।