DU: दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया शुरू, कैसे होगा रजिस्ट्रेशन, कितनी होगी फीस? जानें सबकुछ
DU UG Admissions 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय के 67 कॉलेजों में 73 स्नातक पाठ्यक्रमों तथा 100 से अधिक बीए कार्यक्रमों में प्रवेश केवल सीयूईटी यूजी-2026 के अंकों के आधार पर होगा। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को संबंधित कार्यक्रम की पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS-UG 2026) के प्रथम चरण की पंजीकरण प्रक्रिया शुक्रवार 26 जून आधी रात के बाद से शुरू कर दी है। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी 2026) में शामिल हुए इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के सीएसएएस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के 67 कॉलेजों में 73 स्नातक पाठ्यक्रमों तथा 100 से अधिक बीए कार्यक्रमों में प्रवेश केवल सीयूईटी यूजी-2026 के अंकों के आधार पर होगा। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को संबंधित कार्यक्रम की पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा।
डीयू के अनुसार, अभ्यर्थी केवल अपने सीयूईटी यूजी 2026 की आवेदन संख्या के माध्यम से सीएसएएस पोर्टल पर पंजीकरण कर सकेंगे। इस वर्ष सुरक्षित और आसान पंजीकरण प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का नाम, जन्मतिथि, फोटो और हस्ताक्षर जैसी आवश्यक जानकारी भारत सरकार के एपीआई सेतु के माध्यम से स्वतः पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है, जिससे डाटा संबंधी त्रुटियों की संभावना कम होगी।
पंजीकरण शुल्क
सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 100 रुपये होगा।
दूसरे चरण में भरनी होगी कॉलेज और कोर्स की पसंद
विश्वविद्यालय ने बताया कि सीएसएएस के दूसरे चरण में अभ्यर्थियों को अपने पसंदीदा कॉलेज एवं पाठ्यक्रमों का चयन करना होगा। इस दौरान उम्मीदवारों को सीयूईटी के विषयों का कक्षा 12वीं में पढ़े गए विषयों के साथ मिलान (सब्जेक्ट मैपिंग) करना होगा। केवल उन्हीं विषयों के आधार पर पात्रता तय की जाएगी, जिनमें अभ्यर्थी ने कक्षा 12 उत्तीर्ण की है। पात्रता निर्धारित होने के बाद अभ्यर्थी अपनी पसंद के कार्यक्रम और कॉलेजों की प्राथमिकता भर सकेंगे। फेज-2 का विस्तृत कार्यक्रम जल्द घोषित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले यूजी बुलेटिन ऑफ इंफॉर्मेशन 2026-27 और सीएसएएस के नियम पढ़ने के लिए कहा है। साथ ही प्रवेश से संबंधित सभी अपडेट के लिए डीयू की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से देखते रहने की सलाह दी है।