दिल्ली में कल कोहरे का यलो अलर्ट: साल 2022 के बाद सबसे ठंडा रहा फरवरी; आठ तारीख तक का पूर्वानुमान हुआ जारी
पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली का मौसम बदला हुआ है। बारिश और ठंड की वापसी के बाद अब कोहरे का प्रकोप भी झेलना पड़ेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार को कोहरे व धुंध का यलो अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने के बाद बीते कई दिन से दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बारिश और ठंड की वापसी के बाद अब कोहरे का भी प्रकोप झेलना पड़ेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए कोहरे व धुंध का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में दिन का अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह के समय कई जगह पर हल्का और कुछ इलाकों में घना कोहरा भी छाया रह सकता है। इसके अलावा, साल 2022 के बाद फरवरी माह सबसे ठंडा रहा। साल 2023 में पूरे महीने का औसत अधिकतम पारा 28.2 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, 2024 में 24.4 और 2025 में 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
रविवार देर रात से ही कोहरे ने पूरे आसमान को अपने आगोश में ले लिया था। ऐसे में इसका असर सोमवार की सुबह देखने को मिला। तड़के ही कोहरे व धुंध छाई रही। इससे दृश्यता भी कम रही। इसी बीच तेज बर्फीली हवाओं ने लोगों को खासा परेशान किया और दिल्ली में ठिठुरन बढ़ा दी। दिन में सूरज ने भी दर्शन दिए। इसके चलते लोगों को गर्मी के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ा।
दिन और शाम समय भी चल रही तेज ठंडी हवाओं ने गलन बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 17.5 और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज हुआ। बीते 24 घंटे में अधिकतम पारा 7.1 डिग्री सेल्सियस गिरा। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 54 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार, रिज में 11.4, आया नगर में 13.3, लोधी रोड में 11.2 और पालम में 10.7 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।
अगले छह दिन हल्का कोहरा और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना
दिल्ली में अगले छह दिनों तक मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 3 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। 4 और 5 फरवरी को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा। इन दिनों अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। 6 और 7 फरवरी को दिन में तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इन दिनों तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय कोहरे का असर बना रहेगा। 8 फरवरी को भी मौसम आंशिक रूप से बादल वाला रहेगा और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।
