{"_id":"697fd0d16a77fd9e320704b3","slug":"weather-forecast-no-relief-from-the-changing-weather-yet-delhi-ncr-will-remain-cold-2026-02-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Weather Forecast: मौसम के बदले मिजाज से फिलहाल राहत नहीं, होगी बारिश-बर्फबारी; दिल्ली-एनसीआर में रहेगी ठंडक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Weather Forecast: मौसम के बदले मिजाज से फिलहाल राहत नहीं, होगी बारिश-बर्फबारी; दिल्ली-एनसीआर में रहेगी ठंडक
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 02 Feb 2026 03:48 AM IST
विज्ञापन
सार
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा भी छाया रह सकता है।
शिमला में बारिश और हल्की बर्फबारी के दौरान गुजरते लोग।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन
विस्तार
उत्तर-पश्चिम के साथ मध्य भारत को अभी मौसम के बदले मिजाज से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और आसपास के मैदानी इलाकों में 3 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे के गति से हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश और बर्फबारी के असर से ठंड बढ़ने के आसार है, क्योंकि अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा भी छाया रह सकता है।
Trending Videos
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में निचले और मध्य क्षोभमंडल में चक्रवाती हवा के तेज झोंके के रूप में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। दक्षिणी हरियाणा और उससे सटे उत्तरी राजस्थान के ऊपर भी निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। 5-7 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से ही जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में चोटियों पर हिमपात हो रहा है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहे हैं। यह स्थिति इस हफ्ते बनी रह सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
कश्मीर में सर्द हवाओं का सितम
कश्मीर घाटी में तीन दिन की मामूली राहत के बाद रविवार को सुबह श्रीनगर सहित कुछ मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हुई। कुछ पहाड़ी इलाकों में हिमपात भी हुआ। इससे दिन में सर्दी बढ़ गई और अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट आई। मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 फरवरी को रात में कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
हरियाणा में बारिश व ओलावृष्टि
हरियाणा में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिका। प्रदेश के 6 जिलों में हल्की बारिश हुई। इस दौरान करनाल, यमुनानगर और रोहतक आदि में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 31 जनवरी की रात सक्रिय हुए विक्षोभ के असर से रविवार सुबह हल्की बारिश हुई। इस विक्षोभ के असर से पूर्वी राजस्थान और दक्षिणी हरियाणा के हिस्से में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मंगलवार दोपहर तक इस विक्षोभ का असर रहेगा।
हिमाचल में आंधी-तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में किन्नौर, शिमला, सिरमौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, चंबा जिलों में चोटियों बर्फबारी हुई। शिमला, कुल्लू, लाहौल, कांगड़ा, चंबा, मंडी, ऊना और हमीरपुर में बारिश होने से ठंड बढ़ गई। सोलन में बिजली गिरने से 54 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। सोमवार और मंगलवार को भी राज्य के उच्च व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। अगले 24 घंटे के दौरान आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को ज्यादातर स्थानों पर तापमान सामान्य से 3-6 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 2-6 डिग्री सेल्सियस तर की वृद्धि दर्ज की गई। लाहौल स्पीति जिले का ताबो प्रदेश में सबसे ठंडा रहा और वहां न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में ठंड से कुछ राहत...
राजस्थान में तापमान बढ़ने से कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है। रविवार को राज्य के ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। अलवर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते 24 घंटे के दौरान अजमेर में 1.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। अभी कम से कम एक दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
