सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   YouTuber Akash s body found in bushes Family members search for body themselves

यूट्यूबर आकाश का झाड़ियों में मिला शव: परिजनों ने खुद ही तलाशी लाश, शरीर से गायब थीं ये चीजें, हत्या का शक

अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली Published by: Akash Dubey Updated Tue, 10 Mar 2026 06:39 PM IST
विज्ञापन
सार

पूर्वी दिल्ली से गायब वीडियो निर्माता आकाश (31) की लाश सोमवार शाम आनंद विहार से बरामद हुई। शनिवार दोपहर डेढ़ लाख रुपये नकदी लेकर निकले आकाश का दूरभाष बंद हो गया। परिजनों ने खुद तलाश कर शव ढूंढ़ा, लूटपाट के बाद हत्या का आरोप लगाया। 

YouTuber Akash s body found in bushes Family members search for body themselves
यूट्यूबर का मिला शव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में शनिवार दोपहर से संदिग्ध हालत में गायब हुए यूट्यूबर की लाश आनंद विहार क्षेत्र से सोमवार शाम बरामद हो गई। मृतक की शिनाख्त पुष्पेंद्र उर्फ आकाश (31) के रूप में हुई है। आकाश के यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर साढ़े चार लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं।

Trending Videos

आकाश फैशन के वीडियो बनाते थे। शनिवार दोपहर के समय आकाश कैश लेकर मार्केट जाने के लिए निकले थे। इसके कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। दो दिन तक परिवार आकाश की तलाश में इधर-उधर भटकता रहा। सोमवार शाम को आखिर परिजनों ने खुद ही आकाश का शव ढूंढ निकाला।

विज्ञापन
विज्ञापन

बाद में पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद आकाश का शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिसिया कार्रवाई से नाराज परिजनों ने आकाश का शव मंडावली थाने के बाहर रखकर घेराव किया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर परिजनों को हटाया।

परिजनों ने लगाया यह आरोप
परिजनों का आरोप है लूटपाट के बाद उसकी हत्या की गई है। वहीं पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या का मामला नहीं लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आए तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से अलीगढ़, नगलिया के रहने वाले आकाश परिवार के साथ स्कूल ब्लॉक, मंडावली में रहता था। इसके परिवार में पिता बुधपाल सिंह, मां सुनीता, छोटा भाई विकास के अलावा पत्नी रितु और तीन साल की बेटी यादवी है। आकाश का मंडावली इलाके में स्टाइलिंग के नाम से गारमेंट शोरूम था। आकाश फैशन के वीडियो बनाकर ऑनलाइन भी कपड़े बेचते थे।

परिजनों ने खुद ही तलाश की आकाश की लाश...
आकाश के चचेरे भाई सत्येंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे आकाश डेढ़ लाख रुपये लेकर गांधी नगर से माल लेने के लिए निकले। दोपहर करीब 2.20 बजे उनकी पत्नी ने आकाश को कॉल किया तो उनके फोन की घंटी बजती रही, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद 2.33 बजे उनका फोन बंद हो गया।

परिजनों ने उनसे संपर्क का बहुत प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकती। शाम के समय परिवार मंडावली पहुंचा और आकाश की गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस से उन्होंने आकाश को ढूंढने का दबाव बनाया। आरोप है कि एक सिपाही ने सीडीआर निकलवाने के नाम पर परिजनों से 10 हजार रुपये भी ले लिए।

पुलिस ने उनकी अंतिम लोकेशन का पता किया तो वह आनंद विहार क्षेत्र की आई। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने उनकी तलाश में कोई रुचि नहीं दिखाई। परिजनों ने अपने प्रयासों से फोन की आखिरी लोकेशन पता की। उसके आसपास परिवार उनकी तलाश करता रहा। सोमवार शाम को आकाश का शव बरामद हो गया।

आकश को ढूंढते हुए परिजन टेलको टी-प्वाइंट के पास डीडीए के खाली प्लाट पर पहुंचे। यहां से शव बरामद हो गया। इसके बाद मंडावली पुलिस को खबर दी गई। शव से कुछ दूर आकाश का फोन बंद हालत में मिल गया। परिजनों का आरोप है कि आकाश की सोने की चेन और कैश गायब मिला है। आकाश को कुछ जहरीला पदार्थ खिलाकर मारा गया है।
 

यह बोले पुलिस अधिकारी-
परिजनों के तमाम आरोपों की पड़ताल की जा रही है, फिलहाल शव की हालत देखकर नहीं लगता कि आकाश की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मंडावली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। - राजीव कुमार, पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed