{"_id":"69c67662c3022ba5260c17da","slug":"engineer-kills-young-man-by-stabbing-him-with-knife-in-delhi-alipur-de-addiction-center-2026-03-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली नशा मुक्ति केंद्र में हत्या: गाली देने का बदला बना वजह, इंजीनियर ने युवक को चाकू से गोदा; गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली नशा मुक्ति केंद्र में हत्या: गाली देने का बदला बना वजह, इंजीनियर ने युवक को चाकू से गोदा; गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: Rahul Kumar Tiwari
Updated Fri, 27 Mar 2026 05:51 PM IST
विज्ञापन
सार
दिल्ली के अलीपुर के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती इंजीनियर ने पुराने झगड़े और गाली देने की रंजिश में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही नशे के आदी थे और केंद्र में इलाज के लिए भर्ती थे।
इंजीनियर ने युवक को चाकू से गोदा
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
दिल्ली के अलीपुर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक इंजीनियर ने गाली देने पर एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त बुराड़ी निवासी 22 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है। नशे की वजह से उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मौके से आरोपी त्रिनगर निवासी 27 वर्षीय अरुण जोशी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चाकू बरामद कर लिया है।
Trending Videos
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात अलीपुर थाना पुलिस को हिरंकी गांव स्थित कश्मीरी कॉलोनी में किरणदीप फाउंडेशन नामक नशा मुक्ति केंद्र के अंदर चाकूबाजी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। परिसर में खून बिखरा हुआ मिला। जांच में पता चला कि घायल युवक को पहले ही बुराड़ी अस्पताल ले जाया जा चुका है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
मृतक की पहचान बुराड़ी के सत्य विहार निवासी अरुण कुमार के रूप में हुई। उसके पिता मोनू रिक्शा चालक हैं। परिजनों ने बताया कि वह किशोरावस्था से ही नशे का आदी था, जिसके चलते उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और केंद्र में मौजूद आरोपी अरुण जोशी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें मृतक ने उसे गाली दी थी। उसी का बदला लेने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी केशव पुरम के त्रिनगर में परिवार के साथ रहता है। उसने 2019 में रोहिणी स्थित गुरु नानक देव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उसके पिता महेश जोशी घर के पास किराए पर मेडिकल की दुकान चलाते हैं। आरोपी ने बताया कि 2015 से ही उसे गांजा और भांग की लत लग गई थी। करीब नौ महीने पहले परिवार ने उसे इलाज के लिए इस केंद्र में भर्ती कराया था। फिलहाल केंद्र में लगभग 27 लोग भर्ती हैं।