UNDP: यूएनडीपी का युवाओं के लिए फ्री कोर्स लॉन्च, जलवायु नेतृत्व और ग्लोबल नेटवर्किंग का मिलेगा मौका
UNDP Free Course: यूएनडीपी द्वारा युवाओं के लिए एक निःशुल्क कोर्स शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य उन्हें जलवायु नेतृत्व, वैश्विक स्तर पर होने वाली वार्ताओं में सक्रिय भागीदारी और दुनिया भर के युवाओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UNDP: जलवायू परिवर्तन आज दुनिया की बड़ी समस्या बन गया है। बढ़ती गर्मी, बाढ़, सूखा और अनियमित बारिश लोगों के जीवन को प्रभावित कर रहे हैं। भविष्य में युवाओं और बच्चों को इसका ज्यादा सामना करना पड़ सकता है। इसलिए युवाओं की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) ने 'यूथ फॉर क्लाइमेट एक्शन' नाम का ऑनलाइन कोर्स शुरू किया है। यह कोर्स युवाओं को जलवायु परिवर्तन की जानकारी, नेतृत्व क्षमता और नीति निर्माण में भाग लेने के आवश्यक कौशल प्रदान करता है।
जलवायु परिवर्तन की समझ
कोर्स के दौरान प्रतिभागी जलवायु परिवर्तन के वैज्ञानिक कारणों और उसके प्रभावों को समझ सकेंगे। इसके अलावा, जलवायु परिवर्तन से निपटने के दो प्रमुख उपाय, अनुकूलन और शमन (मिटिगेशन) के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर जलवायु शासन की कार्यप्रणाली समझने का अवसर भी मिलेगा। साथ ही, यह बताया जाएगा कि युवा और नागरिक समाज जलवायु नीति और अभियानों में किस प्रकार सार्थक भागीदारी निभा सकते हैं।
क्यों खास है यह कोर्स?
इस कोर्स की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पूरी तरह निःशुल्क है। छात्र और युवा इसे अपनी सुविधा और समय के अनुसार स्व-गति से पूरा कर सकते हैं। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को जलवायु परिवर्तन की बुनियादी अवधारणाओं, उसके प्रभावों और समाधान के तरीकों को समझने का अवसर मिलेगा।
साथ ही, यह कोर्स युवाओं को अपने समुदाय में जागरूकता फैलाने, जलवायु कार्रवाई में भाग लेने और नीति स्तर पर प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार करेगा। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जलवायु नीति, जलवायु शासन और नागरिक समाज की भूमिका को सरल भाषा में समझाया गया है।
प्रमाण पत्र भी मिलेगा
यह कोर्स युवाओं को जलवायु नेतृत्व और सामाजिक बदलाव के लिए प्रेरित करता है। इसमें प्रतिभागियों को जलवायु वार्ताओं को समझने, उनका विश्लेषण करने और उनमें सक्रिय रूप से भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, दुनिया भर के युवाओं से जुड़कर अनुभव साझा करने का मौका भी मिलेगा। साथ ही, कोर्स पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। हालांकि, इसके लिए सभी पांच ऑनलाइन मॉड्यूल, क्विज और सर्वेक्षण पूरे करना आवश्यक होगा।
- यह कोर्स आप अपनी क्षमता अनुसार स्व-गति से सीख सकते हैं।
- कोर्स के दौरान जलवायु परिवर्तन, नीति और नेतृत्व से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।
- कोर्स पूरा करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
- दुनिया भर के युवाओं से जुड़कर अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
पंजीकरण प्रक्रिया
उम्मीदवारों को पहले यूएनडीपी की आधिकारिक वेबसाइट climatepromise.undp.org/पर जाना होगा। वहां नीचे स्क्रॉल करने पर प्रोग्राम दिखाई देगा। इसके बाद उम्मीदवार प्रोग्राम पर क्लिक कर साइन इन या नया अकाउंट बनाकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।