CBSE: 10वीं की दूसरी परीक्षा के लिए LOC प्रक्रिया शुरू, बोर्ड ने बताए प्राइवेट छात्रों के लिए आवेदन के नियम
CBSE: सीबीएसई ने 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। एलओसी सबमिशन आज से शुरू हो चुका है। इससे संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देश सूचित कर दिए गए हैं। साथ ही, सीबीएसई ने प्राइवेट स्टूडेंट्स के लिए भी एक जरूरी नोटिस जारी किया है।
विस्तार
CBSE Class 10 Two Board Exam 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए टू बोर्ड एग्जाम स्कीम के तहत तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस नई व्यवस्था के तहत 2026 में मुख्य बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों को मई 2026 में होने वाली दूसरी बोर्ड परीक्षा में अधिकतम तीन विषयों में अपने अंक सुधारने का मौका मिलेगा। इसी क्रम में सीबीएसई ने प्राइवेट (निजी) छात्रों के लिए भी एक आधिकारिक नोटिस जारी किया है, जिसमें पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, फीस और जरूरी निर्देशों की पूरी जानकारी दी गई है।
प्राइवेट छात्रों के लिए पात्रता
सीबीएसई के नियमों के अनुसार, दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल होने के लिए कुछ खास श्रेणियों के छात्र ही पात्र होंगे:
- वे छात्र जो 2024-25 सत्र में कंपार्टमेंट श्रेणी में आए थे।
- ऐसे छात्र जो 2024-25 सत्र में कंपार्टमेंट में थे, लेकिन मुख्य परीक्षा 2026 में शामिल नहीं हुए।
- इन सभी छात्रों को 'थर्ड चांस कंपार्टमेंट कैटेगरी' के तहत माना जाएगा।
एलओसी फॉर्म कैसे भरें?
सीबीएसई ने साफ कर दिया है कि दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में ही किया जाएगा। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा। इससे संबंधित महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना होगा, जैसे:
- ऑफलाइन फॉर्म भरने की अनुमति नहीं है।
- डीडी, चेक, मनी ऑर्डर या पोस्टल ऑर्डर से फीस स्वीकार नहीं होगी।
- बिना फीस के फॉर्म अपने आप रद्द हो जाएंगे। इसलिए केवल फॉर्म भरना ही पर्याप्त नहीं है, फीस जमा करना भी अनिवार्य है।
- लेट आवेदन भी स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे।
एलओसी और आवेदन की तारीखें
सीबीएसई ने आवेदन प्रक्रिया को दो चरणों में बांटा है:
- पहला चरण: 16 अप्रैल 2026 (दोपहर 12 बजे) से 20 अप्रैल 2026 (रात 12 बजे तक)
- दूसरा चरण: 21 अप्रैल 2026 से 22 अप्रैल 2026 (रात 12 बजे तक, लेट फीस के साथ)
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे पहले चरण में ही आवेदन पूरा करें, ताकि अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सके।
परीक्षा पैटर्न और सिलेबस
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 का सिलेबस वही रहेगा जो मुख्य परीक्षा का था। इससे मूल्यांकन में समानता बनी रहेगी और छात्रों के लिए तैयारी आसान होगी।
फीस स्ट्रक्चर
| श्रेणी / स्थान | फीस विवरण |
|---|---|
| भारत (प्रति विषय) | ₹320 प्रति विषय |
| कुल अनुमानित शुल्क | लगभग ₹1100 प्रति उम्मीदवार प्रति विषय |
| नेपाल व अन्य देश | ₹2200 प्रति विषय |
| लेट फीस | नियमित फीस के अलावा ₹2000 अतिरिक्त |
फीस का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किया जा सकता है।
आधिकारिक नोटिस पीडीएफ यहां देखें...
सख्त नियम और चेतावनी
सीबीएसई ने छात्रों के लिए कड़े नियम लागू किए हैं:
- गलत या फर्जी जानकारी देने पर आवेदन रद्द कर दिया जाएगा।
- गलत जानकारी देने पर जमा फीस जब्त कर ली जाएगी।
- किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि पर सख्त कार्रवाई होगी।
- साइबर कैफे या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा की गई गलती की जिम्मेदारी छात्र की ही होगी।
- बाद में किसी भी गलती को सुधारने का मौका नहीं मिलेगा।
बोर्ड ने खास तौर पर कहा है कि परीक्षा शहर (Exam City) का चयन सोच-समझकर करें, क्योंकि बाद में इसे बदला नहीं जा सकेगा।
पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन
सीबीएसई ने इस बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बना दिया है:
- आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा।
- किसी भी प्रकार की हार्ड कॉपी जमा करने की जरूरत नहीं है।
- छात्र अपने भरे हुए फॉर्म को डाउनलोड कर सकते हैं।
- फोटो और हस्ताक्षर जेपीजी फॉर्मेट में और 40 केबी से कम साइज में अपलोड करने होंगे।
अंतिम निर्देश और सावधानियां
- केवल सिस्टम द्वारा दिखाए गए विषय ही चुने जा सकेंगे।
- विषय कोड विशेषकर भाषा विषयों के लिए सही भरना जरूरी है।
- अधूरा या गलत फॉर्म तुरंत रद्द कर दिया जाएगा।
- फीस जमा करने के बाद भी पात्रता सीबीएसई नियमों के अनुसार ही तय होगी।
सीबीएसई ने अंत में साफ चेतावनी दी है कि बिना फीस जमा किए गए आवेदन अपने आप रद्द कर दिए जाएंगे और इसके लिए अलग से कोई सूचना नहीं दी जाएगी।
