CBSE: ऑनस्क्रीन जांच के लिए शिक्षकों का अभ्यास करना जरूरी, स्कूलों के प्रिसिंपलों को मिली ये जिम्मेदारी
सीबीएसई इस वर्ष 12वीं की 1 करोड़ से अधिक कॉपियों का मूल्यांकन ऑनस्क्रीन करेगा। शिक्षकों को ओएसएम पोर्टल पर ओएएसआईएस आईडी से लॉगिन कर अभ्यास अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। 10वीं की कॉपियां पुराने तरीके से जांची जाएंगी।
विस्तार
सीबीएसई ने इस वर्ष 12वीं कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी तरह ऑनस्क्रीन प्रणाली से करने का निर्णय लिया है। पारंपरिक तरीके से कॉपियां जांचने के बजाय अब परीक्षक कंप्यूटर के माध्यम से डिजिटल मूल्यांकन करेंगे। इसी व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने के लिए बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों के प्रधानाचार्यों को विस्तृत निर्देश जारी किए हैं कि वे शिक्षकों को पहले से प्रशिक्षण और अभ्यास कराएं, ताकि वास्तविक मूल्यांकन के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियागत दिक्कत न आए।
ओएसएम पोर्टल पर अभ्यास की व्यवस्था
बोर्ड ने ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) पोर्टल पर अभ्यास के लिए विशेष लिंक सक्रिय कर दिया है। प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि शिक्षक अपनी OASIS (Online Affiliated Schools Information System) आईडी के माध्यम से लॉगिन कर OSM पोर्टल पर उपलब्ध अभ्यास मॉड्यूल को पूरा करें। यह अभ्यास सत्र शिक्षकों को डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से अनिवार्य किया गया है।
लॉगिन विवरण ईमेल से साझा
सीबीएसई ने ओएसएम पोर्टल का यूआरएल, मूल्यांकनकर्ताओं के लॉगिन आईडी और पासवर्ड संबंधित स्कूलों की ओएसआईएस पोर्टल पर पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेज दिए हैं। अब विद्यालय प्रमुखों की जिम्मेदारी है कि कक्षा 11 और 12 के सभी शिक्षक निर्धारित समय से पहले पोर्टल पर लॉगिन कर अभ्यास पूरा करें। बोर्ड इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा और यह देखा जाएगा कि सौंपे गए कार्य समय पर पूरे किए गए हैं या नहीं।
1 करोड़ से अधिक कॉपियों की डिजिटल जांच
बोर्ड द्वारा साझा जानकारी के अनुसार इस वर्ष 12वीं कक्षा की 1 करोड़ से अधिक उत्तरपुस्तिकाओं के लगभग 32 करोड़ पृष्ठों का मूल्यांकन ऑनस्क्रीन किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार इस व्यवस्था से उत्तरपुस्तिकाओं के परिवहन में लगने वाला समय और खर्च दोनों में उल्लेखनीय कमी आएगी। साथ ही शिक्षक अपने स्कूल की कंप्यूटर लैब से ही मूल्यांकन कार्य कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनेगी।
परीक्षा कार्यक्रम
सीबीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित होंगी, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक चलेंगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। हालांकि 10वीं कक्षा की कॉपियों की जांच फिलहाल पूर्व की पारंपरिक पद्धति के अनुसार ही की जाएगी।