CTET 2026: सीटेट की ओएमआर और कैलकुलेशन शीट मंगवाने के लिए आवेदन शुरू, एक मई तक सीबीएसई को भेजनी होगी रिक्वेस्ट
CTET 2026: सीबीएसई ने सीटीईटी फरवरी 2026 के अभ्यर्थियों को ओएमआर और कैलकुलेशन शीट प्राप्त करने की सुविधा दी है। इसके लिए 1 मई 2026 तक आवेदन करना होगा। आवेदन स्पीड पोस्ट या व्यक्तिगत रूप से ही स्वीकार होंगे।
विस्तार
CTET 2026 OMR Sheet Request: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (CBSE) ने सीटीईटी फरवरी 2026 परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए ओएमआर शीट और कैलकुलेशन शीट प्राप्त करने की सुविधा शुरू कर दी है। उम्मीदवार अब निर्धारित शुल्क जमा कर अपनी ओएमआर प्रतिक्रिया और अंक गणना विवरण की कॉपी प्राप्त कर सकते हैं। बोर्ड के अनुसार, इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए उम्मीदवारों को 1 मई 2026 तक आवेदन करना होगा।
फीस और भुगतान का तरीका
ओएमआर शीट और कैलकुलेशन शीट प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों को 500 रुपये का शुल्क देना होगा। यह भुगतान डिमांड ड्राफ्ट (DD) के माध्यम से किया जाएगा, जो सीबीएसई सचिव के नाम से दिल्ली में देय होगा।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवारों को अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में तैयार कर नीचे दिए गए पते पर भेजना होगा। पता इस प्रकार है:
CTET Unit,
CBSE Integrated Office Complex,
Sector-23, Phase-1, Dwarka, New Delhi - 110077
आवेदन स्पीड पोस्ट या व्यक्तिगत रूप से ही स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदन में क्या-क्या जानकारी दें?
- उम्मीदवार का नाम
- रोल नंबर
- पूरा डाक पता
अधूरी जानकारी वाले आवेदन सीधे खारिज कर दिए जाएंगे।
आरटीआई वाले उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले आरटीआई या किसी अन्य माध्यम से आवेदन किया था, उन्हें भी नई प्रक्रिया के तहत दोबारा आवेदन करना होगा।
महत्वपूर्ण निर्देश
- ओएमआर शीट और कैलकुलेशन शीट केवल संबंधित उम्मीदवार को ही भेजी जाएगी
- किसी संस्था या थर्ड पार्टी को यह जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जाएगी
- थर्ड पार्टी द्वारा किए गए आवेदन स्वीकार नहीं होंगे
- डेडलाइन के बाद नहीं होगा कोई आवेदन स्वीकार
सीबीएसई ने साफ किया है कि 1 मई 2026 के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इस मामले में सक्षम प्राधिकारी का निर्णय अंतिम होगा।