JNU Admission 2026: जेएनयू ने जारी किया ई-प्रॉस्पेक्टस, CUET और JEE Main जैसी परीक्षाओं के आधार पर होगा दाखिला
JNU Prospectus 2026: जेएनयू ने सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन का ई-प्रॉस्पेक्टस जारी किया है। यूजी कोर्स में सीयूईटी यूजी, बीटेक में जेईई मेन और पीजी कोर्स में सीयूईटी पीजी के जरिए दाखिला होगा। विदेशी छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 है।
विस्तार
JNU Admission 2026-27: जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट, पीजी डिप्लोमा और एडवांस्ड डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ई-प्रॉस्पेक्टस जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना में विभिन्न कोर्सेज में दाखिले की प्रक्रिया स्पष्ट की गई है।
इन कोर्सेज में सीयूईटी यूजी के जरिए होगा एडमिशन
नोटिफिकेशन के अनुसार BA (ऑनर्स) फॉरेन लैंग्वेज, B.Sc. आयुर्वेद बायोलॉजी और सर्टिफिकेट ऑफ प्रोफिशिएंसी कार्यक्रमों में प्रवेश सीयूईटी यूजी (CUET UG) 2026 के आधार पर किया जाएगा।
बीटेक में जेईई मेन स्कोर होगा जरूरी
बीटेक कार्यक्रम में दाखिला संयुक्त प्रवेश परीक्षा मुख्य (JEE Main) के स्कोर के आधार पर दिया जाएगा।
पीजी कोर्सेज में सीयूईटी पीजी से प्रवेश
एमए, एमएससी, एमपीएच, एमटेक, पीजी डिप्लोमा और एडवांस्ड डिप्लोमा जैसे पोस्टग्रेजुएट कार्यक्रमों में प्रवेश सीयूईटी पीजी (CUET PG) 2026 के माध्यम से होगा।
GAT-B और CCMT से भी मिलेंगे दाखिले
एमएससी बायोटेक्नोलॉजी और एमएससी कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी कार्यक्रमों में प्रवेश ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट बायोटेक्नोलॉजी (GAT-B) स्कोर के आधार पर होगा। वहीं, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के एमटेक (CSE और ECE) कोर्सेज में दाखिला सेंट्रलाइज्ड काउंसलिंग फॉर एमटेक (CCMT) के जरिए दिया जाएगा।
सीयूईटी के बाद जेएनयू में अलग से करना होगा आवेदन
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि संबंधित प्रवेश परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को जेएनयू में अलग से आवेदन करना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों को नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहने की सलाह दी गई है।
अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए भी आवेदन शुरू
जेएनयू ने विदेशी छात्रों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 तय की गई है। अभ्यर्थियों को अपने आवेदन फॉर्म पोस्ट या ईमेल के माध्यम से जेएनयू प्रशासनिक ब्लॉक में जमा करने होंगे।
क्या ध्यान रखें अभ्यर्थी?
उम्मीदवार आवेदन से पहले पात्रता और दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें। साथ ही संबंधित परीक्षा में शामिल होना और समय पर आवेदन करना जरूरी है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में कोई दिक्कत न हो।