Scholarship: दिल्ली सरकार की छात्रवृत्ति योजना शुरू, SC-ST और OBC वर्ग के छात्र 30 अप्रैल तक करें आवेदन
Delhi Govt Scholarship 2025-26: दिल्ली सरकार ने SC, ST और OBC छात्रों के लिए 2025-26 छात्रवृत्ति आवेदन शुरू किए हैं। 30 अप्रैल तक आवेदन किए जा सकते हैं। छात्रों को 5,000 से 20 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी।
विस्तार
Delhi Govt Scholarship 2025-26: दिल्ली सरकार ने 2025-26 शैक्षणिक सत्र के लिए एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। आधिकारिक नोटिस के अनुसार, इच्छुक और पात्र छात्र 30 अप्रैल 2026 तक e-district पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को शिक्षा में आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
स्कूल से यूनिवर्सिटी तक छात्रों को मिलेगा लाभ
सरकार द्वारा पांच राज्य वित्तपोषित योजनाएं और कई केंद्र प्रायोजित योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनका लाभ स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को मिलेगा। कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए ट्यूशन फीस और अन्य अनिवार्य शुल्क की भरपाई की जाएगी, बशर्ते परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक न हो और छात्र निर्धारित उपस्थिति व शैक्षणिक मानदंड पूरे करते हों।
उच्च शिक्षा के लिए मेरिट स्कॉलरशिप
प्रोफेशनल, तकनीकी और उच्च शिक्षा में पढ़ रहे छात्रों के लिए मेरिट आधारित छात्रवृत्ति योजना उपलब्ध है। इसमें छात्रों को ₹8,000 से ₹24,000 प्रति वर्ष तक आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए पिछले शैक्षणिक वर्ष में कम से कम 60% अंक होना जरूरी है। छात्रावास में रहने वाले और डे स्कॉलर छात्रों के लिए अलग-अलग राशि तय की गई है।
टॉपर्स को मिलेगा विशेष पुरस्कार
डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट टॉपर अवॉर्ड के तहत विश्वविद्यालयों में प्रत्येक विषय के टॉप एससी, एसटी और ओबीसी छात्रों को ₹25,000 की राशि दी जाएगी। यह योजना मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए चलाई जा रही है।
अन्य योजनाएं और लाभ
मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रतिभा योजना के तहत कक्षा 9 और 10 के छात्रों को ₹5,000 और कक्षा 11-12 के छात्रों को ₹10,000 प्रति वर्ष दिए जाएंगे। इसके अलावा, एससी वर्ग के छात्रों को विदेश में मास्टर्स और पीएचडी की पढ़ाई के लिए भी आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिसमें अधिकतम ₹20 लाख तक की मदद मिल सकती है।
शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
दिल्ली सरकार की यह पहल कमजोर वर्ग के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।