FMGE June 2026: विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा के लिए पंजीकरण शुरू, 28 जून को होगा एग्जाम; जानें पात्रता
FMGE June 2026: एफएमजीई जून 2026 के लिए आवेदन 21 अप्रैल से शुरू हो गए हैं। उम्मीदवार 11 मई तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 28 जून को सीबीटी मोड में होगी। यह विदेशी मेडिकल डिग्री धारकों के लिए अनिवार्य टेस्ट है, जिसके बाद वे भारत में पंजीकरण के पात्र बनते हैं।
विस्तार
FMGE June 2026 Registration: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) जून 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 11 मई 2026 रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 28 जून 2026 को देशभर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी।
एफएमजीई एक अनिवार्य स्क्रीनिंग टेस्ट है, जिसे उन भारतीय नागरिकों और ओवरसीज सिटिजन्स ऑफ इंडिया (OCI) को पास करना होता है जिन्होंने विदेश से मेडिकल डिग्री हासिल की है और भारत में प्रैक्टिस करना चाहते हैं। इस परीक्षा को पास करने के बाद उम्मीदवार राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) या राज्य चिकित्सा परिषद में पंजीकरण के लिए पात्र हो जाते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां
| आवेदन शुरू | 21 अप्रैल 2026 (दोपहर 3 बजे से) |
| आवेदन की अंतिम तिथि | 11 मई 2026 (रात 11:55 बजे तक) |
| परीक्षा शहर सूचना | 17 जून 2026 |
| एडमिट कार्ड जारी | 24 जून 2026 |
| परीक्षा तिथि | 28 जून 2026 |
| परिणाम घोषणा | 28 जुलाई 2026 तक |
पात्रता से जुड़ी जरूरी शर्तें
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्होंने निर्धारित कट-ऑफ तिथि तक अपनी प्राथमिक मेडिकल डिग्री की अंतिम परीक्षा पास कर ली हो। साथ ही, संबंधित भारतीय दूतावास द्वारा यह प्रमाणित होना चाहिए कि उनकी डिग्री उस देश में मान्य है जहां से उन्होंने पढ़ाई की है।
यदि किसी भी चरण पर डिग्री मान्य नहीं पाई जाती है, तो उम्मीदवार की उम्मीदवारी या परिणाम रद्द किया जा सकता है।
FMGE June 2026 Notification PDF
आवेदन कैसे करें?
- NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in पर जाएं।
- FMGE जून 2026 लिंक पर क्लिक करें।
- रजिस्ट्रेशन करें और आवश्यक विवरण भरें।
- निर्धारित फॉर्मेट में दस्तावेज अपलोड करें।
- शुल्क भुगतान से पहले सभी जानकारी जांच लें।
- फॉर्म सबमिट करें और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। साथ ही, परीक्षा से जुड़ी सभी अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

कमेंट
कमेंट X