Gujarat: गुजरात में शुरू होगी स्कूल एनरोलमेंट ड्राइव; 38,400 स्कूलों में 28 लाख+ बच्चों को जोड़ने का लक्ष्य
Gujarat Education: गुजरात सरकार राज्य में शिक्षा के दायरे को और मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर स्कूल एनरोलमेंट ड्राइव शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत 38,400 से अधिक स्कूलों में 28 लाख से ज्यादा बच्चों को नामांकित करने का लक्ष्य रखा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Gujarat: गुजरात में 23 जून से तीन दिन का 'शाला प्रवेशोत्सव' और 'कन्या केलवणी' अभियान शुरू होने जा रहा है। इस अभियान के तहत राज्य के स्कूलों में करीब 28.58 लाख बच्चों का नामांकन कराया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल वडनगर स्थित बी.एन. हाई स्कूल से इस राज्यव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
वडनगर का वही स्कूल, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पढ़ाई की थी, इस साल के स्कूल नामांकन अभियान की शुरुआत के लिए चुना गया है। इस अभियान की शुरुआत नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2003 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए की थी, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों को स्कूलों में दाखिला दिलाया जा सके और शिक्षा में भागीदारी बढ़ाई जा सके।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल वडनगर में एक आंगनवाड़ी केंद्र सहित विभिन्न कक्षाओं में बच्चों के प्रवेश कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। राज्य सरकार के अनुसार, यह नामांकन अभियान 23 से 25 जून तक चलेगा और गुजरात के करीब 38,400 स्कूलों को कवर करेगा।
बच्चों के नामांकन और शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर
अभियान के तहत 1 जून तक 5 से 6 वर्ष की आयु वाले बच्चों का दाखिला बालवाटिका में किया जाएगा, जबकि 6 से 7 वर्ष की आयु के बच्चों को कक्षा 1 में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा, जो छात्र कक्षा 8 पास कर चुके हैं उन्हें कक्षा 9 में और कक्षा 10 पास करने वाले छात्रों को कक्षा 11 में दाखिला दिलाया जाएगा, ताकि उनकी पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रह सके।
सरकार के इस शिक्षा अभियान का यह 24वां वर्ष है। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और आईएएस, आईपीएस व आईएफएस अधिकारी राज्य के विभिन्न स्कूलों का दौरा करेंगे। वे नामांकन गतिविधियों में हिस्सा लेकर अधिक से अधिक बच्चों को स्कूलों से जोड़ने के लिए लोगों को जागरूक करेंगे।
स्कूलों का दौरा कर नामांकन को बढ़ावा देंगे अधिकारी
राज्य सरकार के अनुसार, इस अभियान में करीब 465 गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। वे विभिन्न स्कूलों का दौरा कर बच्चों के नामांकन में सहयोग करेंगे। साथ ही स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के साथ चर्चा कर स्कूलों के शैक्षणिक प्रदर्शन, बुनियादी सुविधाओं और अन्य उपलब्धियों की भी समीक्षा करेंगे।
सरकार ने बताया कि यह नामांकन उत्सव स्कूल प्रबंधन समितियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी से आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को स्कूलों से जोड़ना और उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।