NEET UG 2026: गूगल मैप पर न करें भरोसा, 1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री; नीट यूजी के लिए आई नई गाइडलाइंस
NEET UG 2026: एनटीए ने नीट यूजी परीक्षा से पहले एडवाइजरी जारी कर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र का सही पता एडमिट कार्ड से जांचने को कहा है। गूगल मैप पर पूरी तरह भरोसा न करें। रिपोर्टिंग 11 बजे से 1:30 बजे तक होगी, इसके बाद एंट्री नहीं मिलेगी।
विस्तार
NEET UG 2026 Advisory: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 (NEET UG 2026) परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित होने जा रही है, और इससे पहले एजेंसी ने परीक्षा केंद्र को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जारी सूचना में बताया गया है कि कुछ परीक्षा केंद्रों की लोकेशन गूगल मैप्स जैसे प्लेटफॉर्म पर गलत तरीके से दिखाई दे सकती है। ऐसे में अभ्यर्थियों को केवल मैप पर दिख रहे लोकेशन पिन पर निर्भर नहीं रहने की सलाह दी गई है।
एडमिट कार्ड का पता ही मानें सही
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए परीक्षा केंद्र के पूरे पते को ही सही मानें। परीक्षा से पहले उस पते को अच्छे से जांच लें और यदि संभव हो तो पहले ही केंद्र का सही स्थान सुनिश्चित कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।
क्या करें अभ्यर्थी?
एजेंसी ने उम्मीदवारों को कुछ जरूरी निर्देश भी दिए हैं:
- एडमिट कार्ड पर दिए गए पूरे पते को ध्यान से पढ़ें और मिलान करें।
- परीक्षा केंद्र की लोकेशन पहले से कन्फर्म कर लें।
- यात्रा की योजना पहले से बनाएं।
समय का रखें विशेष ध्यान
एनटीए के अनुसार परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा। स्पष्ट रूप से कहा गया है कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
समय से पहले पहुंचे
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रैफिक, मौसम (कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना) या अन्य किसी भी देरी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें। एजेंसी ने सभी उम्मीदवारों से शांत रहने, पहले से योजना बनाने और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने का आग्रह किया है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
