NTET 2026: राष्ट्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी, तीन मई तक दर्ज कराएं आपत्ति, इतना लगेगा शुल्क
NTET 2026: एनटीए ने एनटीईटी 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। अभ्यर्थी 1 से 3 मई तक प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क देकर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। अंतिम आंसर की के आधार पर ही परिणाम तैयार होगा और इसके बाद कोई दावा स्वीकार नहीं होगा।
विस्तार
NTET 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (NTET) 2026 की प्रोविजनल आंसर की और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 28 अप्रैल 2026 को देशभर में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की गई थी।
अब परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपनी आंसर की देख सकते हैं और यदि किसी उत्तर से असंतुष्ट हैं तो उस पर आपत्ति भी दर्ज कर सकते हैं।
3 मई तक दे सकते हैं चुनौती
एनटीए द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, आंसर की चैलेंज विंडो 1 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 3 मई 2026 तक रात 11:50 बजे तक आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। हर प्रश्न पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है, जो कि नॉन-रिफंडेबल (वापस न होने वाला) है। भुगतान केवल डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई (UPI) के माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा।
आपत्ति दर्ज करते समय रखें इन बातों का ख्याल
आंसर की को चुनौती देने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले एनटीईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा। इसके लिए आवेदन संख्या और पासवर्ड की आवश्यकता होगी। लॉगिन करने के बाद अभ्यर्थी प्रश्न आईडी और एनटीए द्वारा दिए गए उत्तर विकल्प देख सकते हैं। आपत्ति दर्ज करते समय संबंधित प्रश्न का चयन कर सही विकल्प चुनना होगा और अपने दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज एक ही पीडीएफ फाइल में अपलोड करने होंगे।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि सभी आपत्तियों की जांच विषय विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। यदि कोई आपत्ति सही पाई जाती है, तो आंसर-की में संशोधन किया जाएगा और उसका लाभ उन सभी अभ्यर्थियों को मिलेगा जिन्होंने उस प्रश्न का प्रयास किया है। हालांकि, एजेंसी किसी भी अभ्यर्थी को यह अलग से नहीं बताएगी कि उसकी आपत्ति स्वीकार की गई या नहीं।
अंतिम आंसर-की विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद जारी की जाएगी और उसी के आधार पर एनटीईटी 2026 का परिणाम तैयार किया जाएगा। एक बार फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद किसी भी प्रकार का दावा या आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
एनटीए एनटीईटी हेल्पलाइन
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं या ntet@nta.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर ही सभी प्रक्रियाएं पूरी कर लें, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद कोई अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
