Career Break: कॅरिअर ब्रेक के बाद वापसी का बढ़ा ट्रेंड, नई स्किल्स और आत्मविश्वास बन रहे सफलता की कुंजी
Harvard Business Review: करिअर में ब्रेक लेना अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत का मौका भी हो सकता है। बदलते समय में लोग नई स्किल्स सीखकर और आत्मविश्वास के साथ दोबारा अपने करिअर की शुरुआत कर रहे हैं। अगर सीखने की इच्छा और आगे बढ़ने का जज्बा हो, तो वापसी कभी भी संभव है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Career Comeback: आज के समय में कॅरिअर ब्रेक लेना सामान्य बात हो गई है। परिवार, स्वास्थ्य या निजी जिम्मेदारियों के कारण कई लोग कुछ समय तक काम से दूरी बना लेते हैं। लेकिन दोबारा काम की दुनिया में लौटते समय उन्हें आत्मविश्वास और बदलते कार्यक्षेत्र के साथ तालमेल बैठाने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। आज का कार्यक्षेत्र पहले से ज्यादा तेज और तकनीकी आधारित हो चुका है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल प्लेटफॉर्म और नए टूल्स ने काम करने के तरीके बदल दिए हैं। ऐसे में नई तकनीकें सीखकर और आत्मविश्वास बनाए रखकर दोबारा कॅरिअर की शुरुआत की जा सकती है।
अनुभव से निखरता है व्यक्तित्व
यह समझना जरूरी है कि अनुभव कभी पुराना नहीं होता। वर्षों के कार्य अनुभव से व्यक्ति में नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता, धैर्य और लोगों को समझने की कला विकसित होती है। यही गुण किसी भी संस्था को मजबूत बनाते हैं। तकनीक सीखी जा सकती है, लेकिन जीवन और काम का अनुभव समय के साथ ही मिलता है। इसलिए कॅरिअर ब्रेक के बाद वापसी करने वालों के पास वह परिपक्वता और व्यावहारिक समझ होती है, जो केवल किताबों या ट्रेनिंग से हासिल नहीं की जा सकती।
नई तकनीक सीखें
वापसी करते समय सबसे जरूरी बात यह है कि
व्यक्ति सीखने के लिए हमेशा तैयार रहे। कई बार शुरुआत पुराने पद या वेतन से कम स्तर से करनी पड़ सकती है, लेकिन इसे असफलता नहीं, बल्कि खुद को दोबारा स्थापित करने का अवसर समझना चाहिए। यदि आप नई तकनीक, आधुनिक कार्य संस्कृति और बदलते ट्रेंड्स को सीखने की इच्छा रखते हैं, तो धीरे-धीरे अपनी जगह फिर से बना सकते हैं। आज कंपनियां ऐसे लोगों को अधिक महत्व देती हैं।
केवल पद नहीं, उद्देश्य भी जरूरी
कई लोग कॅरिअर में वापसी करते समय केवल बड़े पद या पुरानी स्थिति पर ध्यान देते हैं, जबकि नौकरी चुनते समय यह देखना ज्यादा जरूरी है कि वहां सीखने, आगे बढ़ने और कुछ नया करने के अवसर हैं या नहीं। छोटी शुरुआत भी भविष्य में बड़े अवसरों का रास्ता खोल सकती है। इसलिए काम चुनते समय अपने उद्देश्य और संतुष्टि को भी महत्व देना चाहिए।
- छोटी शुरुआत भविष्य में बड़े अवसरों का रास्ता खोल सकती है।
- अनुभव कभी पुराना नहीं होता, क्योंकि नेतृत्व और समझ जैसे गुण समय के साथ विकसित होते हैं।
- कई बार कॅरिअर में वापसी करते समय कमतर पद या कम वेतन पर नौकरी मिले, तो इसे अवसर के तौर पर देखें।
आत्मविश्वास बनाए रखें
कॅरिअर में वापसी केवल नौकरी हासिल करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि खुद को दोबारा पहचानने और आत्मविश्वास वापस पाने का सफर भी है। उम्र या लंबे गैप को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि अनुभव की ताकत के रूप में देखना चाहिए। जो लोग सीखना नहीं छोड़ते, वे किसी भी समय नई शुरुआत कर सफलता हासिल कर सकते हैं।