Bhooth Bangla Box Office: रविवार की छु्ट्टी में 'भूत बंगला' पर कितने नोट बरसे? जानिए 17वें दिन का कलेक्शन
Bhooth Bangla Collection: फिल्म 'भूत बंगला' सिनेमाघरों में लगी हुई है। आज इसकी रिलीज को 17 दिन हो गए हैं। इस फिल्म ने रविवार की छुट्टी का कितना फायदा लिया? जानिए कलेक्शन
विस्तार
अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। प्रियदर्शन निर्देशित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक प्रदर्शन कर रही है। बीते शुक्रवार थिएटर्स में कुछ नई फिल्में रिलीज हुईं। मगर, इसकी कमाई पर खास फर्क पड़ता नहीं दिखा है। वीकएंड पर एक बार फिर इसके कलेक्शन में इजाफा देखा गया है।
फिल्म का बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
फिल्म 'भूत बंगला' ने बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग तो थोड़ी ठंडी ली थी। पहले दिन इसकी कमाई सिर्फ 3.75 करोड़ रुपये रही। हालांकि, फिर धीरे-धीरे इसने असर छोड़ा। पहले वीकएंड पर शानदार प्रदर्शन करने के बाद वीकडेज में भी पकड़ बनाए रखी और इस तरह पहले वीक इसने 84.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया। दूसरे वीक कलेक्शन 43.75 करोड़ रुपये रहा।
तीसरे रविवार को कैसा रहा प्रदर्शन?
बीते शुक्रवार यानी 15वें दिन फिल्म ने 4.50 करोड़ रुपये कमाए थे। कल शनिवार को कलेक्शन में मामूली गिरावट देखी गई थी। इसने 16वें दिन 4.35 करोड़ रुपये जुटाए थे। वहीं, आज खबर लिखे जाने तक प्राप्त आंकड़ों में इस फिल्म ने आज तीसरे रविवार को (13वें दिन) 3.59 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। अंतिम आंकड़े आने तक इनमें और इजाफा होगा। फिल्म का टोटल कलेक्शन 140.59 करोड़ रुपये हो चुका है।
वर्ल्डवाइड 200 करोड़ क्लब में शामिल
भूत बंगला का बजट करीब 120 करोड़ रुपये है। इस हिसाब से इस फिल्म ने अपनी लागत वसूल कर ली है। विदेशों में भी इस फिल्म ने अच्छी कमाई कर ली है। वर्ल्डवाइड फिल्म का कलेक्शन 211.05 करोड़ रुपये हो चुका है।
नई फिल्मों का नहीं पड़ा असर
फिल्म 'भूत बंगला' के बाद बीते शुक्रवार रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी', जुनैद खान-साई की 'एक दिन' सहित कुछ नई फिल्में रिलीज हुईं। 'एक दिन' तो खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। हालांकि, 'राजा शिवाजी' ने जरूर दम दिखाया है। मगर, मराठी भाषा में यह ज्यादा अच्छी कमाई कर रही है। हिंदी पट्टी में इसकी कमाई 'भूत बंगला' से पीछे है। 'राजा शिवाजी' का आज रविवार तीसरे दिन का कलेक्शन 8.62 करोड़ रुपये (5.66 करोड़ मराठी भाषा में और 2.96 करोड़ हिंदी पट्टी में) है।
