काशी के कलाकार गौरव प्रिंस के मुरीद हुए नसीरुद्दीन शाह, इस फिल्म में दोनो ने साथ किया है काम
काशी के रंगमंच कलाकार गौरव प्रिंस ने अपने अभिनय से हिंदी फिल्मों के दिग्गज अभिनेता नसीरूद्दीन शाह को भी अपना मुरीद बना लिया है। गौरव की बेहतरीन अदाकारी की नसीरूद्दीन शाह ने भी जमकर तारीफ की है। मूलत: भदोही के रहने वाले गौरव की कर्मभूमि बनारस ही रही है। गौरव ने कैफी आजमी को समर्पित फिल्म मी रक्सम में मौलाना जावेद की भूमिका निभाई है।
सुसुवाही में रहने वाले गौरव ने बताया कि शिवमूर्ति इंटरमीडिएट कॉलेज से 12वीं के बाद स्नातक की शिक्षा जगतपुर पीजी कॉलेज से हुई है। बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध सिनेमैटोग्राफर बाबा आजमी द्वारा निर्देशित मी रक्सम फिल्म शबाना आजमी और बाबा आजमी की तरफ से अपने पिता मशहूर शायर एवं गजल गीतकार कैफी आजमी को समर्पित है। गौरव ने बताया कि उनकी आगामी फिल्म संजय मिश्रा के साथ बहुत हुआ सम्मान के अलावा सीरियल नम: शिवाय, शार्ट फिल्म बदला द रिवेंज आने वाली है।
गौरव ने रंगमंच की शुरुआत 2010 में डॉ. नीलकमल चटर्जी द्वारा निर्देशित यमदीप से की। आगे चलकर अपने मित्र पुनीत कुमार मिश्रा और गुरु डॉ. अष्टभुजा मिश्र से नौटंक की बारीकियां सीखी। गौरव ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सपने देखना जरूरी है, लेकिन उससे भी जरूरी है उसे पूरा करने की कोशिश करना। परिणाम हमारे हाथ में नहीं होता, हमारे हाथ में बस कोशिश करना होता है।