हीरोइन को इंप्रेस करने के चक्कर में अक्षय कुमार को लगी चोट, करियर और ‘भूत बंगला’ से जुड़े मजेदार किस्से सुनाए
Akshay Kumar Exclusive Interview: अक्षय कुमार ने हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ की शूटिंग के दौरान खूब मस्ती की। सेट के कुछ मजेदार किस्से उन्होंने सुनाए। साथ ही एक पुराना और मजेदार किस्सा भी अमर उजाला के साथ खास बातचीत में साझा किया।
विस्तार
अक्षय कुमार बड़े पर्दे पर ही कॉमेडी नहीं करते हैं, वह असल जिंदगी में भी खूब मजाकिया हैं। वह इंटरव्यू देने बैठते हैं तो सिर्फ फिल्म के बारे में बात नहीं करते हैं, कई मजेदार किस्से और कहानी उनसे सुनने को मिलती हैं। हाल ही में अपनी फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन के दौरान अक्षय कुमार ने कई मजेदार किस्से अमर उजाजा डिजिटल के साथ साझा किए। पढ़िए अक्षय कुमार से हुई बातचीत के चुनिंदा अंश-
जब हीरोइन को इंप्रेस करना अक्षय कुमार को पड़ा भारी
फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन के दौरान अक्षय कुमार ने एक पुराना और फनी किस्सा शेयर किया। वह बताते हैं कि फिल्म की हीरोइन को इंप्रेस करने के चक्कर में उन्हें अस्पताल तक पहुंचना पड़ गया था। अक्षय कुमार कहते हैं, ‘मुझे आज भी याद है, बहुत साल पहले की बात है। एक फिल्म का शॉट चल रहा था। हीरोइन को मेरी तरफ गुलाब फेंकना था, मुझे हवा में कूदकर वो गुलाब पकड़ना था। फिर समरसॉल्ट लेकर नीचे लैंड करना था। मैंने सीन एक बार किया और शॉट ओके हो गया। डायरेक्टर ने भी कह दिया कि ओके है। लेकिन मुझे शो ऑफ करना था। सामने हीरोइन हो या कोई खूबसूरत महिला हो, तो हमारे अंदर उनको इंप्रेस करने की इच्छा पैदा हो जाती है।
अक्षय कुमार ने आगे कहा, ‘मैंने डायरेक्टर से कहा एक और बार सीन करते हैं। हीरोइन ने फिर से गुलाब फेंका। अब हुआ क्या कि पिछले टेक का जो गुलाब था, वो नीचे ही पड़ा हुआ था। मैं भूल गया। किसी ने उठाया भी नहीं। जब उसने दोबारा गुलाब फेंका, तो मैं पुराने गुलाब पर फिसल गया। मैंने नया गुलाब तो पकड़ लिया। लेकिन समरसॉल्ट में क्या होता है कि आपको नीचे आने के लिए सही हाइट चाहिए होती है। मेरी हाइट कम हो गई थी। जब मैं नीचे आया, तो सीधे शोल्डर पर लैंड हुआ। मेरा पूरा कंधा निकल आया था। उस वक्त मुझे समझ आ गया था कि कुछ बहुत गड़बड़ हो गई है। इम्प्रेस करने के चक्कर में मेरा इंप्रेशन खराब हो गया।’
हॉस्पिटल में भी बन गई थी फनी सिचुएशन
अक्षय ने बताया, ‘फिर उसके बाद मुझे उठाकर प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। इंजेक्शन लगे। और मजेदार बात क्या थी? जब मैं होश में आया, तो मेरा परिवार वहां था और वो हीरोइन भी वहां थी। वो जो बुके लेकर आई थी, उसमें गुलाब थे। बहुत फनी सिचुएशन बन गई थी। तब मुझे समझ में आया कि किसी को इम्प्रेस करने की कोशिश मत करो। जैसे हो वैसे रहो। वही सबसे जरूरी है।’
फिल्म ‘भूत बंगला’ की शूटिंग एक पिकनिक थी
‘भूत बंगला’ फिल्म की शूटिंग को याद करते हुए अक्षय कुमार ने कहा कि उनके लिए इस फिल्म का पूरा शेड्यूल ही यादगार रहा। हर दिन की तस्वीरें आज भी उन्होंने संभालकर रखी हुई हैं। अक्षय कुमार कहते हैं, ‘पूरी शूटिंग ही बहुत अच्छी रही। हर दिन यादगार था। मेरे पास हर दिन की तस्वीरें हैं। मेरा अपना फोटोग्राफर है, वो हर दिन बहुत सारी फोटो लेता है। मेरे पास सब पड़ी हैं। हर दिन सेट पर मस्ती होती थी। खाना-पीना था और मजाक था। सच कहूं तो पूरा शेड्यूल बहुत मजेदार रहा। मैं हमेशा मानता हूं कि काम ऐसा होना चाहिए कि रात को सोते वक्त लगे कि कल फिर शूटिंग पर जाना है। मुझे हंसी-मजाक पसंद है। काम के वक्त मुझे पूरी गंभीरता चाहिए। लेकिन जब काम नहीं हो रहा होता, मैं बैठा रहता हूं, तो कुछ ना कुछ मस्ती चलती रहनी चाहिए। आदमी को हंसते रहना चाहिए।’
वामिका गब्बी लंच के लिए हमेशा समय पर आती थी
फिल्म ‘भूत बंगला’ की हीरोइन वामिका गब्बी के साथ काम करने को लेकर भी अक्षय कुमार ने मजेदार अंदाज में बात की। उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘यह शूटिंग के लिए 5 से 10 मिनट लेट हो सकती थी, लेकिन लंच के टाइम? एकदम समय पर आती थी। इसे खाना खाना है तो सही समय पर पहुंचना है। मेरे घर का खाना खाना था, तो उसके लिए कभी लेट नहीं हुई। गुड़ की रोटी, ऊपर से घी, सब समय पर खाती थी।’