बदल गई अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ की रिलीज डेट, मेकर्स ने दी जानकारी; जानें अब कब सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
Bhooth Bangla Postpone: प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ के फैंस के लिए एक झटका है। क्योंकि अब फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज नहीं होगी। जानिए नई रिलीज डेट को लेकर क्या है जानकारी…
विस्तार
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की मच अवेटेड फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं और फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अब ‘भूत बंगला’ के फैंस का ये इंतजार और भी लंबा होने वाला, क्योंकि मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव कर दिया है। इसकी जानकारी खुद मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए साझा की है।
16 अप्रैल रात 9 बजे से शुरू होंगे पेड प्रिव्यू शोज
फिल्म की प्रोड्यूसर एकता कपूर ने आज गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है। इसमें उन्होंने एक लंबा नोट लिखकर इस बात की जानकारी दी है कि ‘धुरंधर 2’ की सफलता और कमाई को देखते हुए हमने फिल्म की रिलीज आगे बढ़ा दी है। अब गुरुवार 16 मार्च रात 9 बजे से ‘भूत बंगला’ के पेड प्रिव्यू शोज थिएटर्स में शुरू हो जाएंगे। जिससे साफ है कि फिल्म 16 मार्च की रात 9 बजे से सिनेमाघरों में मौजूद रहेगी। फिल्म की रिलीज आगे बढ़ने की आशंकाएं पहले ही लगाई जा रही थीं। अब मेकर्स ने साफ कर दिया है कि ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को रिलीज नहीं हो रही है।
मेकर्स की ओर से शेयर किए गए नोट में लिखा गया, ‘अपने डिस्ट्रीब्यूटर्स और एग्जीबिटर्स से बात करने के बाद हमने संयुक्त रूप से भूत बंगला की नई रिलीज डेट तय की है। 16 अप्रैल रात 9 बजे से फिल्म का पहला पेड प्रिव्यू शो सिनेमाघरों में शुरू होगा।’
इस नोट में मेकर्स ने ‘धुरंधर 2’ की लगातार बढ़ती कमाई का भी जिक्र करते हुए लिखा, ‘धुरंधर: द रिवेंज शानदार प्रदर्शन कर रही है। ये हमारी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत अच्छी बात है। एग्जीबिटर्स का मानना है कि फिल्म की नई रिलीज डेट से दोनों ही फिल्मों को फायदा होगा और उन्हें अपना समय मिलेगा। भूत बंगला की टीम 16 अप्रैल रात 9 बजे से आपका सिनेमाघरों में स्वागत करने के लिए उत्सुक है।’
प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित ‘भूत बंगला’ से अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी लगभग 14 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। यह एक हॉरर-कॉमेडी है, जिसमें अक्षय कुमार के अलावा तब्बू, परेश रावल, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और दिवंगत अभिनेता असरानी जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे।