‘अहान-अनीत प्यारे बच्चे हैं’, अनुभव सिन्हा ने की ‘सैयारा’ स्टार्स की तारीफ; ‘धुरंधर’ को लेकर कही ये बात
Anubhav Sinha: अनुभव सिन्हा ने ‘सैयारा’ स्टार अहान पांडे और अनीत पड्डा की तारीफ की है। साथ ही उन्होंने ‘धुरंधर’, ‘बॉर्डर 2’ और ‘तेरे इश्क में’ जैसी फिल्मों को लेकर भी बात की। जानिए निर्देशक ने क्या कुछ कहा…
विस्तार
अपनी फिल्मों में सामाजिक मुद्दों को उठाने वाले निर्देशक अनुभव सिन्हा इन दिनों अपनी हालिया फिल्म ‘अस्सी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म को पसंद किया जा रहा है और क्रिटिक्स से लेकर दर्शक तक इसकी कहानी की तारीफ कर रहे हैं। हालांकि, इस बीच अनुभव सिन्हा ने दो रोमांटिक फिल्मों ‘सैयारा’ और ‘तेरे इश्क में’ को लेकर अपनी राय रखी। साथ ही उन्होंने अहान पांडे और अनीत पड्डा जैसे नए सितारों की भी जमकर तारीफ की।
अनुभव सिन्हा ने की अहान-अनीत की तारीफ
जूम के साथ बातचीत में अनुभव सिन्हा ने ‘सैयारा’ की तारीफ करते हुए बताया कि किस बात ने उन्हें इस फिल्म के लिए आकर्षित किया। निर्देशक ने कहा कि ये दोनों बच्चे बहुत अच्छे हैं। अहान और अनीत, और उनकी फिल्म ‘सैयारा’ बहुत पसंद आई। दोनों कलाकार बेहद ईमानदार और सच्चे थे और वे दोनों एक ही फिल्म में इतना विश्वास रखते थे।
अनुभव सिन्हा ने देखीं ‘धुरंधर’ और ‘तेरे इश्क में’
इस दौरान अनुभव सिन्हा ने बताया कि उन्होंने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’, कृति सैनन की ‘तेरे इश्क में’ और सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ सहित हाल ही में रिलीज हुई ये तीनों फिल्में देखी हैं।
उन्होंने कहा कि चूंकि मैं विभिन्न शहरों का दौरा कर रहा था, इसलिए मैं विभिन्न सिनेमा हॉल में जाता था और 15-20 मिनट के लिए बैठकर फिल्म देखता था। इसलिए मैंने ‘धुरंधर’ के लगभग 5-20 मिनट देखे हैं। ‘तेरे इश्क में’ मैंने इसे भोपाल के एक थिएटर में देखी और ‘बॉर्डर 2’ मैंने हैदराबाद में देखी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुभव सिन्हा की हालिया रिलीज फिल्म 'अस्सी' इन दिनों सिनेमाघरों में बनी हुई है। यह फिल्म भारत में महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा के मुद्दे पर आधारित एक दमदार कोर्टरूम ड्रामा है। इसमें तापसी पन्नू प्रमुख भूमिका में नजर आई हैं।
इसके अलावा फिल्म में कनी कुश्रुति, रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी मुख्य भूमिका में हैं। नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा फिल्म में थोड़ी देर के लिए हैं।
कमेंट
कमेंट X