'एक छोटी सी मुस्कान', अनुपम खेर ने मां दुलारी के साथ ऑफिस के प्यारे पलों को किया याद; लिखा- 'उनकी दुआओं...'
Anupam Kher Post: अनुपम खेर ने आज अपनी मां दुलारी के साथ ऑफिस के प्यारे पलों को शेयर किया है। इस पोस्ट के साथ अनुपम ने एक इमोशनल नोट भी लिखा है।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'खोसला का घोसला 2' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इसी बीच आज अनुपम ने अपनी मां दुलारी खेर के साथ एक खास पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने ऑफिस की कई तस्वीरों को शेयर कर अपने दिल की बात बताई है।
अनुपम का पोस्ट
अनुपम खेर ने अपनी मां दुलारी के साथ कई प्यारी तस्वीरें शेयर की हैं। यह सभी तस्वीरें अनुपम के ऑफिस की हैं। इन तस्वीरों में उनकी मां अनुपम खेर की कुर्सी पर आराम से बैठी हुई हैं और अनुपम उनके पास खड़े मुस्कुरा रहे हैं।
अनुपम ने लिखा इमोशनल नोट
इस पोस्ट के साथ अनुपम खेर ने लिखा, 'पिछले हफ्ते मां मेरे ऑफिस आईं। वे मेरी कुर्सी पर बैठ गईं और मुस्कुराते हुए बोलीं- ‘यह तो मेरी कुर्सी है।’ मैं भी मुस्कुरा दिया। क्योंकि यह सच है। मैं आज जो कुछ भी हूं, वह सब उनकी दुआओं का नतीजा है। उनके त्याग, हिम्मत और विश्वास की वजह से ही मैं यहां तक पहुंचा हूं। उन्होंने अपने सपनों को थोड़ा पीछे रखकर मेरे सपनों को आगे बढ़ाया। मां, आपकी कुर्सी हमेशा आपकी ही रहेगी। मैं तो बस उसे संभालकर बैठा हूं।'
ANI से बातचीत में अनुपम खेर ने बताया कि उनकी मां ने उन्हें धैर्य और सहनशीलता सिखाई। उन्होंने कहा, 'मेरी मां की शादी 16 साल की उम्र में हो गई थी, इसलिए वे मुझसे 18 साल बड़ी हैं। हाल ही में मेरे जन्मदिन पर हरमन और बोमन आए थे। वे इंग्लिश गाना गा रहे थे और मेरी मां ताली बजा रही थीं जैसे वे रोज पार्टी में जाती हों। अगर माता-पिता का आशीर्वाद सिर पर हो तो इससे बड़ी कोई बात नहीं है।'
'खोसला का घोसला 2' में नजर आएंगे अनुपम
अनुपम खेर जल्द ही ‘खोसला का घोसला 2’ में नजर आएंगे। यह 2006 की लोकप्रिय फिल्म का सीक्वल है। इसके अलावा अनुपम कथित तौर पर साउथ अभिनेता प्रभास के साथ फिल्म ‘फौजी’ में भी काम कर रहे हैं।
यह भ पढ़ें: Vijay Family Tree: पिता निर्देशक और मां गायिका, कम उम्र में हो गई थी बहन की मौत; विजय के परिवार में कौन-कौन?..
