‘अब काम करने का तरीका बदल गया है’, अरशद वारसी ने इंडस्ट्री में आए बदलाव पर की बात; कहा- नए एक्टर्स डरे हुए हैं
Arshad Warsi: अरशद वारसी ने फिल्म इंडस्ट्री में आए बदलावों पर बात की। जानिए नए एक्टर्स को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अरशद वारसी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘धमाल 4’ और सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ को लेकर चर्चाओं में हैं। इस बीच एक्टर ने अपने करियर जर्नी को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे इतने साल में उनके काम करने का तरीका बदला है। साथ ही उन्होंने आज के युवा एक्टर्स के डर के बारे में भी बात की।
शॉट्स के बीच ब्रेक लेने के बजाय, काम करते थे अरशद
आईएनएस के साथ बातचीत के दौरान अरशद वारसी ने अपनी पीढ़ी के कलाकारों और नई पीढ़ी के एक्टर्स के बीच देखे गए अंतर के बारे में बात की। इंडस्ट्री में बदलते काम के माहौल पर बात करते हुए, अरशद ने अपनी एक फिल्म की शूटिंग का मजेदार किस्सा भी सुनाया।
अरशद का मानना है कि समय के साथ फिल्म बनाने का तरीका काफी बदल गया है। सबसे बड़ा अंतर ये है कि एक्टर्स शारीरिक रूप से मुश्किल शेड्यूल और लंबे समय तक चलने वाली शूटिंग को कैसे संभालते हैं। बातचीत के दौरान अरशद से पूछा गया कि पुरानी पीढ़ी के एक्टर्स नई पीढ़ी से कैसे अलग हैं?
इसका जवाब देते हुए उन्होंने एक ऐसा अनुभव शेयर किया जिसने उन पर गहरा असर डाला। उन्होंने एक स्टंट सीन की शूटिंग को याद किया। शॉट्स के बीच लंबा ब्रेक लेने के बजाय, वह बस अपने अगले क्यू का इंतजार करते और शूटिंग जारी रखते।
इस घटना के बारे में बताते हुए अरशद ने कहा, ‘मैंने वह सब किया और मैं आया और बैठ गया। अपने अगले शॉट का इंतजार किया, फिर मैं उठा और मैंने अगला शॉट और उसके बाद वाला शॉट किया।’ यही वह काम करने का तरीका था जिसके वे अपने करियर के दौरान आदी हो गए थे।
अरशद के लगातार काम करने के फैन हुए निर्देशक
अरशद को बिना किसी रुकावट के शूटिंग जारी रखते देख, फिल्म के निर्देशक उनके पास गए और एक ऐसी बात कही जो अभिनेता को आज भी याद है। अरशद ने बताया कि निर्देशक ने कहा कि आप जैसे लोगों के साथ काम करना बहुत सुखद है। नई पीढ़ी के कलाकार, दो-चार स्टेप डांस करके मसाज कराने चले जाते हैं, आराम और रिकवरी के लिए उन्हें समय चाहिए, फिर वे रिकवर होकर वापस आकर दूसरा शॉट देते हैं।
नए कलाकारों का बहुत कुछ दांव पर है
हालांकि, अरशद का मानना है कि अब वर्किंग कल्चर में काफी बदलाव आया है। वो इस बदलाव को निगेटिव रूप से नहीं देखते हैं। बल्कि, उनका मानना है कि हर पीढ़ी को अपने-अपने अनूठे दबावों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि आज के कलाकारों के लिए बहुत कुछ दांव पर लगा होता है, शायद यही कारण है कि वे काम करते समय अधिक सतर्क रहते हैं। हम अभिनय की एक अलग दुनिया से आते हैं, इसलिए हां, थोड़ा अंतर तो है, लेकिन मुझे लगता है कि कहीं न कहीं सब ठीक हो जाता है। मुझे लगता है कि नए कलाकार ज्यादा डरे हुए हैं क्योंकि बहुत कुछ दांव पर लगा है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अरशद वारसी अगली बार इंद्र कुमार द्वारा निर्देशित हिट कॉमेडी फ्रेंचाइज ‘धमाल’ की चौथी फिल्म 'धमाल 4' में नजर आएंगे। इस फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, सानंद वर्मा, रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, अंजली आनंद, संजीदा शेख और ईशा गुप्ता सहित कई कलाकार शामिल हैं। इसके अलावा अरशद वारसी की सीरीज ‘प्रीतम और पेड्रो’ भी 3 जुलाई को रिलीज हो रही है। इस सीरीज से निर्देशक राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी अपना एक्टिंग डेब्यू कर रहे हैं।