'वर्दी पहनते ही रीढ़ की हड्डी को अकड़ मिल जाती है'; पर्दे पर ऑफिसर यूनिफॉर्म पहनने के अनुभव पर बोले अक्षय
Akshay Kumar On Officer Uniform: अभिनेता अक्षय कुमार ने कई फिल्मों में सेनाधिकारी की भूमिकाएं निभाई हैं। हाल ही में उन्होंने यूनिफॉर्म पहनने का अनुभव शेयर किया।
विस्तार
एक्टर अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर सुर्खियों में हैं। इसका ट्रेलर रिलीज हो चुका है। इस बीच हाल ही में एक्टर ने क्विज रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' में सेनाधिकारी की भूमिका अदा करने का अनुभव शेयर किया। उन्होंने सेना की वर्दी पहनने पर कुछ ऐसा कहा, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है।
एक्टर बोले- 'वर्दी पहनते ही रीढ़ की हड्डी सीधी हो जाती है'
अक्षय ने एक सेनाअधिकारी की वर्दी पहनने के बाद भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक रूप से होने वाले बदलाव का जिक्र किया। अक्षय कुमार ने कहा, 'एक बात मैं सब से जरूर कहना चाहूंगा कि जब आदमी वर्दी पहनता है ना, अपने आप रीढ़ की हड्डी को एक अकड़ मिल जाती है। मुझे नहीं पता क्या है? आप सूट पहनो, अकड़ नहीं मिलेगी। लेकिन, जब आप वर्दी पहनते हो, रीढ़ की हड्डी में पता नहीं कहां से वो जोश आता है...तड़ाक कर के सीधी हो जाती है'।
'रुस्तम' का अनुभव किया साझा
अक्षय कुमार ने सेना के अधिकारी की भूमिका निभाने को लेकर कहा कि किसी भूमिका के लिए वर्दी पहनने से भी मुद्रा और माइंडसेट में बदलाव आता है। उन्होंने आगे कहा, 'जैसा मैं 'रुस्तम' फिल्म के अंदर खड़ा था, मुझे नहीं लगता मैं हमेशा ऐसा खड़ा हो सकता हूं। वो नकली वर्दी थी, लेकिन वर्दी की बात ही अलग होती है'। बता दें कि अक्षय ने फिल्म 'रुस्तम' में नेवी ऑफिसर की भूमिका अदा की। इस फिल्म में अपने प्रदर्शन के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।
'भूत बंगला' का ट्रेलर हुआ रिलीज, पुरानी हवेली के साथ जुड़ा किस्सा; अक्षय-राजपाल और परेश की दिखी दमदार कॉमेडी
अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' कब रिलीज होगी?
अक्षय ने फिल्म से जुड़ी कुछ लाइनें सुनाते हुए कहा, 'मेरी वर्दी मेरी आदत है, जैसे सांस लेना। अपने देश की रक्षा करना, ये झिझक के बिना, निस्वार्थ अपना फर्ज निभाना। मुझे अभी भी सारी लाइनें याद हैं'। बात करें अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' की तो यह फिल्म 16 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।