‘धुरंधर’ की स्क्रिप्ट चोरी मामले में कोर्ट ने आदित्य धर को दी राहत, फिल्ममेकर संतोष कुमार के आरोप पर लगाई रोक
Aditya Dhar: ‘धुरंधर 2’ के बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने के बीच आदित्य धर पर ‘धुरंधर’ की स्क्रिप्ट चुराने के आरोप लगे हैं। अब इन आरोपों पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने रोक लगा दी है। जानिए क्या है पूरा मामला…
विस्तार
आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित किए। लेकिन फिल्म मेकर संतोष कुमार ने आदित्य धर पर ‘धुरंधर’ के लिए उनकी कहानी चुराने के आरोप लगाए। आरोप के बार-बार दोहराने पर आदित्य धर ने मानहानि की बात कहते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अब बॉम्बे हाई कोर्ट ने बुधवार को अंतरिम आदेश पारित करते हुए संतोष कुमार को आदित्य धर पर लगाए गए स्क्रिप्ट चोरी के आरोप को दोहराने से रोक दिया।
16 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई
आदित्य धर ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया कि संतोष कुमार के बार-बार लगाए गए आरोप मानहानिकारक हैं। ये उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाते हैं। जस्टिस आरिफ डॉक्टर ने अंतरिम आदेश पारित करते हुए कहा कि आदित्य धर को प्रथम दृष्टया राहत पाने का मामला बनता है। अदालत ने कहा, ‘अगली सुनवाई तक संतोष कुमार को आदित्य धर द्वारा दायर मुकदमे में ऐसे शब्दों और टिप्पणियों तथा इसी तरह के अन्य सभी आरोपों को दोहराने से रोका जाएगा।’ मामले की अगली सुनवाई अब 16 अप्रैल को होगी।
मुकदमे के अनुसार, संतोष कुमार ने 2025 में आई फिल्म ‘धुरंधर’ की अगली कड़ी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की रिलीज के बाद ये आरोप लगाए थे। इसमें उन्होंने आदित्य धर पर अपनी रजिस्टर्ड स्क्रिप्ट 'डी साहब' की नकल करने का आरोप लगाया था। इसके बाद आदित्य धर ने पहले संतोष कुमार को कानूनी नोटिस भेजकर साहित्यिक चोरी से इनकार किया और उनसे आगे आरोप लगाने से रोकने को कहा।
लेकिन जब संतोष कुमार ने कोई जवाब नहीं दिया, तो आदित्य धर ने डीएसके लीगल के माध्यम से उच्च न्यायालय का रुख किया। आदित्य धर के वकील बीरेंद्र सराफ ने अदालत को बताया कि बार-बार लगाए जा रहे आरोपों से फिल्म निर्माता की छवि और साख को भारी क्षति हो रही है।
बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुईं ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’
आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर’ पिछले साल रिलीज हुई थी। इसे दर्शकों और क्रिटिक्स ने काफी सराहा था। इसके बाद इस साल 19 मार्च को फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई और कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए। ‘धुरंधर 2’ भारत में 1000 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई कर चुकी है।