‘मुझे किसी बात का यकीन नहीं’, भाई के मिलने से मना करने के बाद बोलीं सेलिना जेटली; आखिरी मुलाकात को किया याद
Celina Jaitly Remember Her Brother: सेलिना जेटली ने अपने भाई के साथ अपनी आखिरी मुलाकात को याद किया। जानिए कोर्ट से याचिका खारिज होने और भाई के मिलने से मना करने के बाद एक्ट्रेस ने क्या कुछ कहा…
विस्तार
हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट ने सेलिना जेटली की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अपने भाई विक्रांत जेटली से मिलने में मदद मांगी थी। विक्रांत जेटली संयुक्त अरब अमीरात में हिरासत में हैं और उन्होंने सेलिना से संपर्क करने से इनकार कर दिया है। अब सेलिना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने भाई के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है। एक्ट्रेस का कहना है कि उनका भाई उन्हें और तनाव से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
काफी वक्त पहले आखिरी बार भाई से मिली थीं सेलिना
सेलिना ने अपने भाई विक्रांत जेटली के साथ एक तस्वीर अपने इंस्टाग्राम पर साझा की है। इसके साथ ही उन्होंने एक लंबा नोट भी लिखा है। इसमें उन्होंने लिखा, ‘मैंने अपने भाई से आखिरी बार 23 अगस्त 2024 को बात की थी, उनकी गिरफ्तारी (6 सितंबर 2024) से कुछ दिन पहले।
उन्हें मई 2025 के अंत तक गुप्त हिरासत में रखा गया। उसके बाद उन्हें मिडिल ईस्ट के एक डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया, जहां उन्हें लगभग 18 महीनों से बिना किसी औपचारिक कार्यवाही के रखा गया है। उनसे मिलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।’
View this post on Instagram
मैं अटकले नहीं लगा सकती
अपने भाई के इस फैसले के बारे में बात करते हुए एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘मैं इस बारे में अटकलें नहीं लगा सकती कि हिरासत में मेरे भाई को क्या सलाह दी गई होगी या क्या बताया गया होगा? वह मेरे प्रति बेहद सुरक्षात्मक हैं और उन्हें बाहरी दुनिया में क्या हो रहा है, इसकी कोई जानकारी नहीं है।
मेरी वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए, यह संभव है कि उन्हें अधूरी जानकारी मिली हो और वह मुझे और अधिक आर्थिक और इशोनल स्ट्रेस से बचाने की कोशिश कर रहे हों। ऐसी परिस्थितियों में किसी भी बंदी द्वारा लिए गए किसी भी फैसले को संदर्भ में देखा जाना चाहिए।’
मेरे बारे में नहीं थी याचिका
अभिनेत्री आगे अपने नोट में कहा, ‘मुझे लगता है कि उन्होंने कई बार अन्य परिजनों से भी बात करने से इनकार कर दिया है। वो मुझसे या किसी और से बात नहीं करना चाहते। इस पूरे मामले में मुझे सबसे ज्यादा चिंता उनकी शारीरिक और मानसिक सेहत की रही है। यह याचिका कभी मेरे बारे में नहीं थी। यह हमेशा से मेरे भाई से मिलने और बात करने की संभावना सुनिश्चित करने और सबसे बढ़कर, उनके लिए उचित कानूनी प्रतिनिधित्व नियुक्त करवाने के बारे में थी।’
सरकार का जताया आभार
सेलिना ने आगे भारत सरकार का आभार जताते हुए कहा, ‘मैं आभारी हूं कि भारत सरकार ने जून 2025 से अब तक उनसे नौ बार काउंसलर मुलाकात की है और यह आश्वासन दिया है कि जब भी वे और उनकी पत्नी तैयार हों, वे उन्हें कानूनी सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करते रहेंगे।
मैं आभारी हूं कि आगे की कानूनी कार्रवाई के दौरान राज्य उनकी भलाई का ध्यान रख रहा है। मेरी एकमात्र मंशा हमेशा से उनकी सुरक्षा, कानूनी संरक्षण और गरिमा रही है। मैं समझती हूं कि वे अपने तरीके से मेरी रक्षा करने की कोशिश कर रहे होंगे।
हालांकि, मैं उनके साथ खड़ी रहूंगी और यह सुनिश्चित करूंगी कि उन्हें उचित कानूनी प्रतिनिधित्व मिले। जब तक मैं अपने भाई से मिल नहीं लेती और उनसे सीधे बात नहीं कर लेती, तब तक मैं किसी भी बात पर पूरी तरह से यकीन नहीं कर सकती। वह मेरा पहला बच्चा है। मैं अपनी आखिरी सांस तक उनके साथ खड़ी रहूंगी।'
यह खबर भी पढ़ेंः लोकसभा में उठा विवादित गाने ‘सरके चुनर’ का मुद्दा, केंद्रीय मंत्री बोले- ‘गीत पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है’
2024 से यूएई में हिरासत में हैं विक्रांत
भारतीय सेना के रिटायर्ड अधिकारी मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत जेटली को 6 सितंबर 2024 से संयुक्त अरब अमीरात में डिटेन किया गया है। हालांकि, उन पर लगे सटीक आरोपों का अभी तक सार्वजनिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है। हिरासत से पहले, विक्रांत 2016 से संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे थे और कथित तौर पर MATITI ग्रुप नामक एक परामर्श और व्यापार फर्म में कार्यरत थे।
कमेंट
कमेंट X