दीपिका से मिलकर भावुक हो गईं फैन की मां, प्रशंसक ने साझा किया प्यारा वीडियो; एक्ट्रेस की सादगी पर हो गया फिदा
Deepika Padukone Fan Meet: दीपिका पादुकोण का एक वीडियो चर्चा में बना हुआ है। इस वीडियो में दीपिका पादुकोण के व्यवहार की काफी तारीफ हो रही है। जानिए दीपिका ने ऐसा क्या किया…
विस्तार
दीपिका पादुकोण ने हाल ही में अपना 40वां जन्मदिन मनाया है। अपने अभिनय के अलावा एक्ट्रेस अपने सहज स्वभाव के लिए भी चर्चा में रहती हैं। वो अपने फैंस से भी प्यार से मिलती हैं। अब उनके एक फैन ने एक वीडियो साझा किया है। इसमें दीपिका फैन की मां से मिलती हैं, जिससे वो काफी भावुक हो जाती हैं। हालांकि, ये वीडियो पिछले महीने दिसंबर का है, लेकिन फैन ने इसे शेयर कर दीपिका को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनकी दयालुता के बारे में बात की।
दीपिका से मिलकर हैरान रह गईं फैन की मां
Zadmayur नाम के एक यूजर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। 18 दिसंबर 2025 के इस वीडियो में दीपिका फैन की मां से मुलाकात करती हैं। इस दौरान जब दीपिका प्रशंसक की मां का हाथ पकड़कर उन्हें अपने पास बैठाती हैं, तो मां भावुक हो जाती हैं। इसके साथ ही मयूर सरिता दिलीप झाड नाम के इस फैन ने एक भावुक नोट भी लिखा है। इसमें उसने लिखा, ‘यूनिवर्स, मेरे सितारे या मेरा अच्छा कर्म, आप इसे जो भी कहें। दीपिका पादुकोण ने मुझे एक बार फिर एक बेहद खास मुलाकात के लिए आमंत्रित किया। यह चौथी बार था, फिर भी जितना मिले, उतना हमेशा कम ही लगता है। इस बार मैं अपनी मां को साथ ले गई। मेरे साथ रहकर वह भी धीरे-धीरे दीपिका की फैन बन गईं। जब मैंने उन्हें बताया कि हम दीपिका से मिलने जा रहे हैं, तो उन्होंने कहा, तुम उनसे कितनी बार मिले, लेकिन मुझे कभी साथ नहीं ले गए। लेकिन जब वह वास्तव में दीपिका से मिलीं, तो वह पूरी तरह से दंग रह गईं।’
इतनी प्यारी मुलाकात के लिए थैंक्यू दीपिका
दीपिका से मुलाकात के बाद अपनी मां की भावनाओं को बयां करते हुए प्रशंसक ने आगे लिखा, ‘जब दीपिका ने उनका हाथ पकड़ा तो उनकी आंखों में लगभग आंसू आ गए थे। वो उस पल में पूरी तरह खो गई थीं और जब दीपिका ने उन्हें तोहफे के लिए धन्यवाद दिया, तो मेरी मां अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाईं। मां ने दीपिका को खास तौर पर हाथ से बनी पूरन पोली भेंट की थी। वो आंखों में आंसू लिए चली गईं और सच कहूं तो, हर फैन उस पल को समझ सकता है। दीपिका जैसी दीवा से मिलने के बाद हम सब जो भावनाएं महसूस करते हैं। एक बार फिर इतने शानदार मीट एंड ग्रीट और स्वादिष्ट खाने के लिए दीपिका पादुकोण आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।’
यह खबर भी पढ़ेंः ‘मैं खुद को शाबाशी दे रही हूं’, प्रियंका चोपड़ा ने 2026 को बताया भविष्य; बोलीं- उम्मीद की किरण जरूरी
‘किंग’ में नजर आएंगी दीपिका
दीपिका पादुकोण ने बीते सोमवार 5 जनवरी को अपना 40वां जन्मदिन मनाया है। वो इन दिनों अपने पति व अभिनेता रणवीर सिंह के साथ न्यूयॉर्क में हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो एक्ट्रेस शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगी। इसके अलावा उनके पास एटली और अल्लू अर्जुन की आगामी फिल्म भी है। जिसका नाम अभी तक फाइनल नहीं हुआ है।
