Dhurandhar 2 Box Office: 900 करोड़ क्लब से बस चंद कदम दूर 'धुरंधर 2'; 12वें दिन भी दोहरी संख्या में हुई कमाई
Dhurandhar 2 Collection: फिल्म 'धुरंधर 2' ने वीकएंड पर ताबड़तोड़ कमाई की और बीते दिन 800 करोड़ क्लब में शामिल हो गई। आज सोमवार को इस फिल्म की रिलीज को 12 दिन पूरे हो गए हैं। जानिए इसका टोटल कारोबार कितना हुआ है?
विस्तार
रणवीर सिंह अभिनीत 'धुरंधर द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर एकछत्र राज कर रही है। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर का तमगा हासिल कर चुकी है। आदित्य धर निर्देशित इस फिल्म ने बीते दो दिनों वीकएंड पर जबर्दस्त कमाई की। यह अपने पहले पार्टी 'धुरंधर' के लाइफटाइम कलेक्शन को धूल चटा चुकी है और हिंदी फिल्मों कमाई के मामले में पहले पायदान पर आ गई है। जानिए फिल्म की आज की कमाई
वीकएंड पर 800 करोड़ पार हो गया था कारोबार
'धुरंधर द रिवेंज' की रिलीज को आज 12 दिन पूरे हो गए हैं। ओपनिंग डे पर 145.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन जुटाने वाली इस फिल्म ने पहले वीक 674.17 करोड़ रुपये कमाए थे। वीकएंड पर इसकी कमाई में और इजाफा देखा गया, जो इस तरह है-
- शुक्रवार को नौवें दिन फिल्म ने 41.75 करोड़ रुपये कमाए।
- शनिवार को 10वें दिन इस फिल्म ने 62.85 करोड़ रुपये कमाए।
- रविवार को 11वें दिन 'धुरंधर 2' ने 68.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
12वें दिन कितना कलेक्शन किया?
आज सोमवार से वीकडेज की शुरुआत हो गई है, लिहाजा फिल्म की कमाई पर असर पड़ा है। मगर, इसके बावजूद फिल्म ने दोहरी संख्या में कमाई की है। खबर लिखे जाने तक सैकनिल्क पर प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक आज दूसरे सोमवार को यानी 12वें दिन इस फिल्म ने 15.21 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। फाइनल आंकड़े आने तक कमाई में और इजाफा होगा। 'धुरंधर 2' का टोटल कलेक्शन 862.08 करोड़ रुपये हो चुका है।
'धुरंधर 2' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 900 करोड़ क्लब में शामिल होने की तरफ बढ़ रही है और उम्मीद है कि जल्द ही यह लक्ष्य हासिल कर लेगी। फिल्म 'धुरंधर 2' देश के साथ-साथ विदेशों में भी अच्छा कारोबार कर रही है। सैकनिल्क पर प्राप्त आकंड़ों के मुताबिक, इसका वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1,353.95 करोड़ रुपये हो चुका है।
साउथ में भी अच्छी पकड़, पवन कल्याण की फिल्म को दी शिकस्त
फिल्म 'धुरंधर 2' हिंदी पट्टी में छाई हुई है, इसके अलावा साउथ में भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। आज 12वें दिन इस फिल्म ने तमिल भाषा में 22 लाख रुपये कमाए हैं। वहीं, तेलुगु भाषा में 59 लाख रुपये का कारोबार किया है। इसी के साथ 19 मार्च को रिलीज हुई पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' ने आज सोमवार को 12वें दिन सिर्फ 20 लाख रुपये कमाए हैं। पवन की फिल्म सिर्फ तेलुगु भाषा में रिलीज हुई है।