'वह खुशियां फैलाते हैं', शाहरुख खान की शख्सियत पर क्या बोलीं दिव्या दत्ता; कहा- 'जीवन के मंत्र...'
SRK: दिव्या दत्ता ने की शाहरुख खान की जमकर तारीफ। उस समय को याद किया जब शाहरुख खान 'वीर जारा' के दौरान अपने सभी सह-कलाकारों का इंतजार करते थे।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेत्री दिव्या दत्ता इन दिनों अपनी सीरीज 'चिरैया' को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। 'चिरैया' 20 मार्च को ओटीटी पर रिलीज हुई है। वहीं हाल ही में दिव्या ने अपनी फिल्म 'वीर जारा' के सह-कलाकार शाहरुख खान के बारे में कई बातों का जिक्र किया। दिव्या दत्ता के अनुसार, शाहरुख खान ऑफ-स्क्रीन भी उतने ही अद्भुत इंसान हैं, जितने स्क्रीन पर दिखते हैं।
दिव्या दत्ता ने की शाहरुख की तारीफ
ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे से बातचीत के दौरान दिव्या ने शाहरुख खान के साथ काम करने की यादें साझा कीं। दोनों ने फिल्म 'वीर जारा' में साथ काम किया था। दिव्या ने कहा कि शाहरुख बहुत अच्छे इंसान हैं। उन्होंने अपने जीवन में बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन हमेशा सीखते रहते हैं। शाहरुख का खास गुण यह है कि वे अपने आस-पास सभी लोगों को खुशी देते हैं।
दिव्या ने सुनाया एक मजेदार किस्सा
दिव्या ने IIFA अवॉर्ड्स के बाद फ्लाइट में हुई एक घटना को याद किया। वे विद्या बालन, दीया मिर्जा और बाकी कलाकारों के साथ दम शरारत खेल रही थीं। उनकी मां भी उसी फ्लाइट में थीं और 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' देख रही थीं। शाहरुख ने मजाक में उनकी मां की स्क्रीन पर हाथ रख दिया और एक्टिंग करने लगे, लेकिन उनकी मां ने कुछ नहीं कहा। दिव्या ने हंसते हुए कहा, 'अगर मैं होती तो मुझे डांट पड़ती।'
दिव्या सबसे ज्यादा प्रभावित उस बात से हुईं, जब फ्लाइट से उतरने के बाद बहुत बड़ी भीड़ शाहरुख को देखने के लिए इकट्ठी हो गई थी। वहां पर मौजूद लोग उनके नाम के नारे लगा रहे थे। फिर भी शाहरुख ने अपने सभी सह-कलाकारों के कार में बैठने का इंतजार किया। वे सबसे बाद में गए। दिव्या ने कहा, 'ऐसी बातें भुलाई नहीं जा सकतीं। यही शाहरुख हैं। ये वाकई कमाल की बात है।'
'चिरैया' में नजर आ रही हैं दिव्या
दिव्या ने 'बदलापुर', 'भाग मिल्खा भाग' और 'छावा' जैसी कई फिल्मों में बेहतरीन अभिनय किया है। उन्होंने कई पुरस्कार भी जीते हैं। दिव्या दत्ता इन दिनों ओटीटी सीरीज 'चिरैया' में नजर आ रही हैं। 'चिरैया' 20 मार्च को जियो सिनेमा पर स्ट्रीम हो रही है। इसमें वे कमलेश नाम की एक सशक्त गृहिणी का किरदार निभा रही हैं, जो परिवार की मुश्किलों से लड़ती हैं और वैवाहिक शोषण के खिलाफ आवाज उठाती हैं।
यह भी पढ़ें: Riteish Viral Video: 'राजा शिवाजी' की स्क्रीनिंग पर फैंस ने छुए रितेश के पैर, थिएटर में अचानक पहुंचे थे एक्टर
