पापा के बाद बेटी का भी कम बैक, ‘लूथर’ के हिंदी रीमेक में एशा देओल की अजय देवगन संग एंट्री
- एक्ट्रेस एशा देओल करने जा रही हैं कमबैक।
- अजय देवगन के साथ सीरीज रुद्र- द एज ऑफ डार्कनेस में आएंगी नजर।
- ओटीटी पर धूम मचाने आ रहे हैं अजय देवगन-एशा देओल।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के साथ हिंदी सिनेमा के ही मैन रहे धर्मेंद्र की वापसी के अगले ही दिन उनकी बेटी एशा देओल के भी कैमरे के सामने वापसी का एलान हो गया है। एशा देओल लंबे अरसे से शूटिंग वगैरह से दूर रही हैं। और, उनकी वापसी होने जा रही है डिजिटल दुनिया में श्रीमान भरोसेमंद के रूप में मशहूर रहे अभिनेता अजय देवगन के साथ। अजय देवगन की अगली फिल्म ‘भुज द प्राइड ऑफ इंडिया’ अगले महीने जिस ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है, उसी ओटीटी पर अजय देवगन की ही पहली डिजिटल सीरीज से एशा देओल का भी डिजिटल डेब्यू होगा।
एशा कहती हैं, ‘एक कलाकार के तौर पर मुझे ऐसी कहानियों के लिए काम करने में आनंद आता है जिसमें मुझे कुछ नया खोजने का मौका मिले और जो मुझे एक दर्शक की तरह बांध कर रख सके। पुलिसवालों की कहानियों को वेब सीरीज ‘रुद्र- द एज ऑफ डार्कनेस’ एक नए नजरिये से देखती है। इसके किरदार धूसर हैं और इस तरह की कहानियों पर भारत में पहले काम हुआ नहीं है। जमाना ओटीटी का है और मैं भी इस सीरीज से अपने डिजिटल डेब्यू को लेकर काफी उत्साहित हूं। मुझे इंतजार है अजय देवगन के साथ इस सीरीज में जोड़ी जमाने का, जिनके साथ बड़े परदे पर मैं पहले ही जोड़ी बना चुकी हूं।’
बीबीसी स्टूडियोज की भारतीय शाखा अपनी मशहूर वेब सीरीज ‘लूथर’ का ये हिंदी संस्करण अप्लॉज एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर बना रही है। हिंदी मनोरंजन जगत में एशा देओल की वापसी करीब 10 साल बाद होने जा रही है। इससे पहले वह फिल्म ‘टेल मी ओ खुदा’ में दिखाई दी थीं। हालांकि बीच में वह दक्षिण भारत की एक बहुभाषी फिल्म और एक शॉर्ट फिल्म में काम कर चुकी हैं। साल 2012 में अपने मित्र भरत तखतियानी से शादी करने के बाद से एशा कैमरे स दूर ही रही हैं। उनकी चार और दो साल की दो बेटियां हैं।