Govinda: क्यों डेविड धवन और गोविंदा की राहें हुई थीं जुदा? अभिनेता ने सुनाया कादर खान से जुड़ा अनसुना किस्सा
Govinda Spoke About David Dhawan And Kader Khan: 90 के दशक में गोविंदा को हीरो नंबर बनाने में निर्देशक डेविड धवन का बहुत बड़ा हाथ था लेकिन बाद में इनकी राहें जुदा हो गईं। आखिर ऐसा क्यों हुआ? और कादर खान के साथ गोविंदा का कैसा रिश्ता था? हालिया एक इंटरव्यू में इन बातों से अभिनेता ने पर्दा उठाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बॉलीवुड में जब भी गोविंदा की बात होती है तो दर्शकों के जेहन में सबसे पहले डेविड धवन निर्देशित ‘कुली नंबर 1’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘अनाड़ी नंबर 1’, ‘आंटी नंबर 1’ जैसी फिल्में आती हैं। ऐसी ही कई फिल्मों ने गोविंदा को एक दाैर में हिंदी सिनेमा में हीरो नंबर वन का टैग दिया था। फिर अभिनेता, निर्देशक की यह जोड़ी टूट गई। इस बारे में हाल ही में गोविंदा ने फिर बात की है। साथ ही कादर खान के साथ भी अपने खास रिश्ते का जिक्र किया है।
किस वजह से अलग हुए थे गोविंदा और डेविड धवन?
एएनआई से की गई खास बातचीत में गोविंदा ने बताया कि आखिर क्यों डेविड धवन ने उनके साथ फिल्में बनाना बंद कर दिया? वह कहते हैं, ‘हमने साथ में 17 फिल्में की थीं। डेविड भगवान के बच्चे जैसे हैं। जिस वक्त उन्हें लगा कि गोविंदा के साथ और आगे नहीं बढ़ पाऊंगा, वो ठहर गए। मैं चाहता था कि हम एक साथ 18वीं और एक 19वीं फिल्म भी करें, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसलिए मुझे लगा कि वह अपनी सोच के हिसाब से चल रहे हैं। मुझे इस बारे में कभी कोई शक नहीं था।’
प्रोफेशनल रिश्ता खत्म होने के बाद भी डेविड धवन और गोविंदा के बीच निजी तौर पर दूरी नहीं आई है। वह कहते हैं, ‘कभी-कभी मैं उनसे नाराज़ हो जाता था। मैं उन्हें फोन करता था और वह समझ जाते थे। अब भी जब मेरा टॉपिक आता है, तो वह रोने लगते हैं। वह सच्चे हैं। वह एक अच्छे इंसान हैं।’
कादर खान से गोविंदा ने कैसे सीखी कॉमिक टाइमिंग?
गोविंदा ने दिवंगत अभिनेता कादर खान का जिक्र भी अपनी बातचीत में किया। वह कहते हैं, ‘मेरे डायलॉग मेरी केमिस्ट्री सब कुछ प्री-प्रोग्राम्ड था। कादर खान जी की वजह से ही मुझे प्री-प्रोग्रामिंग समझ में आई। वह एक ही धुन में परफॉर्म करते थे। वही उनकी परफॉर्मेंस थी। ऐसे में हमें साथ काम करने में थोड़ा समय लगा, लेकिन जब उन्हें पता चला कि मैं कैसे काम करता हूं, तो उन्हें मुझसे प्यार हो गया। वह मुझसे बहुत प्यार करने लगे।’
गोविंदा आगे कहते हैं, ‘एक समय पर उन्होंने मेरा हाथ चूमा और कहा था कि तुम में बात है गोविंदा।’
निर्देशक मणिरत्नम पर क्या बोले गोविंदा?
गोविंदा ने निर्देशक मणिरत्नम की फिल्म 'रावण' में एक अलग तरह का किरदार निभाया था। अब तक फिल्म के सेट पर लेट जाने के लिए मशहूर रहे गोविंदा ‘रावण’ के सेट पर समय पर पहुंचते थे। वह पुराना किस्सा सुनाते हुए कहते हैं, ‘सुनीता (पत्नी) मुझ पर आरोप लगाती थीं और कहती थीं कि 'तुम बहुत जिद्दी हो। तुम ऐसी फिल्में नहीं करते। तो उसने मुझसे 'रावण' करवाई। मैंने उसमें एक छोटा सा रोल किया था।’
गोविंदा आगे कहते हैं, ‘उस सेट पर मैं सुबह 3 या 4 बजे पहुंच जाता था। मुझे लगने लगा था कि शायद इसके लिए मेरी तारीफ होगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।’ लेकिन बाद में एक इंटरव्यू में गोविंदा के जल्दी आने की तारीफ निर्देशक मणिरत्नम ने की थी।
कौन सी नई फिल्म में नजर आएंगे गोविंदा?
गोविंदा इन दिनों अपनी नई फिल्म 'रूपा' का प्रमोशन कर रहे हैं। इस फिल्म में कोमल रानी स्वर्णकार लीड रोल में हैं। इस प्रोजेक्ट के साथ गोविंदा कई साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं।