Holi 2026: जब रंगों में ढह जाती है धर्म की दीवार, झूमकर होली खेलते हैं ये मुस्लिम सितारे, एक का है खास नाता
Holi 2026: कोई भी पर्व त्योहार हो फिल्म इंडस्ट्री में अलग ही रौनक देखने को मिलती है। यहां त्योहारों के समय धर्म की दीवार भी टूटती नजर आती है। होली का त्योहार कई मुस्लिम सितारे न सिर्फ धूमधाम से मनाते हैं, बल्कि पार्टी का आयोजन भी करते हैं। जानिए
विस्तार
पर्व-त्योहार जिंदगी में रोमांच लाते हैं। एक ढर्रे पर चली आ रही जिंदगी में त्योहारों की आमद थोड़ा ठहराव देती है तो अपनों से मिलने-मिलाने का बहाना भी। ....और कहा जाए कि त्योहार मजहब की दीवार को भी तोड़ने का काम करते हैं तो शायद गलत नहीं होगा! बॉलीवुड के तमाम सितारे इसकी मिसाल पेश करते हैं। उनका धर्म बेशक अलग है, लेकिन होली के रंग में वे पूरी तरह रंग जाते हैं। आइए जानते हैं...
जावेद अख्तर और शबाना आजमी देते हैं होली पार्टी
जावेद अख्तर और शबाना आजमी की होली पार्टी मशहूर है। इस त्योहार पर बॉलीवुड की सबसे बड़ी पार्टी उन्हीं के यहां होती है। बता दें कि शबाना आजमी के पिता कैफी आजमी ने होली पार्टी की शुरुआत की थी, तब से जावेद अख्तर और शबाना भी इस रवायत को निभाते आ रहे हैं। इस होली पार्टी में जोया अख्तर, फरहान अख्तर और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ करीबी दोस्त और स्टार्स भी शामिल होते हैं। सभी ढोल-नगाड़ों पर जमकर थिरकते हैं। इस साल भी जावेद अख्तर ने यह सिलसिला कायम रखा। मंगलवार को उनके यहां होली पार्टी में कई सितारे पहुंचे।
शाहरुख खान
शाहरुख खान उन एक्टर्स में शुमार हैं, जो अलग धर्म से होने के बाद भी हिंदू त्योहार खूब धूमधाम से मनाते हैं। उनके घर पर दिवाली की रौनक देखने लायक होती है। इसके अलावा किंग खान होली पर भी भव्य पार्टी का आयोजन करते हैं। हर साल होली के मौके पर शाहरुख खान का एक पुराना वीडियो जरूर वायरल होता है। इसमें उन्हें और गौरी को झूमकर डांस करते देखा जा सकता है।
आमिर खान
बॉलीवुड के मि. परफेक्शनिस्ट भी खूब धूमधाम से होली मनाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि आमिर का होली से खास कनेक्शन है। दरअसल, एक्टर का जन्म ही होली के मौके पर हुआ। बता दें कि आमिर खान का जन्म 14 मार्च, 1965 को हुआ था, उस साल इस दिन होली का पर्व था। जन्म के साथ ही आमिर का रंग से नाता जुड़ गया था। एक इंटरव्यू के दौरान आमिर खान ने जिक्र किया था, 'जिस दिन मेरा जन्म हुआ था तो दाई मां ने सबसे पहले मेरे गालों पर रंग लगाया था।' यही वजह है कि आमिर इस त्योहार को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।
सलमान खान
जब सेलिब्रेशन का मौका हो तो सलमान खान मजहब की दीवार को बीच में नहीं आने देते हैं। खान परिवार में भी होली का त्योहार मनाया जाता है। गणेश चतुर्थी हो या दिवाली, सलमान हर हिंदू त्योहार को पूरी शिद्दत से मनाते हैं। वह रंगो का पर्व भी पूरे उल्लास के साथ सेलिब्रेट करते हैं। खान फैमिली ज्यादातर फार्म हाउस पर होली मनाती है। हालांकि, इस बार सलमान खान के पिता सलीम खान की खराब तबीयत के चलते परिवार में होली का आयोजन संभवत: नहीं हो रहा है। बता दें कि सलीम खान अस्पताल में भर्ती हैं।
हिना खान
अभिनेत्री हिना खान सभी त्योहार धूमधाम से मनाती हैं। फिर चाहें वह ईद हो, होली-दिवाली और क्रिसमस हो। एक्ट्रेस सोशल मीडियो पोस्ट के जरिए इसकी झलकियां भी शेयर करती हैं।
आमना शरीफ
अभिनेत्री आमना शरीफ भी होली का त्योहार खूब शौक से सेलिब्रेट करती हैं। वे इंडस्ट्री की होली पार्टी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। कल मंगलवार को भी वे होली के जश्न में शामिल हुईं। उन्होंने माही विज के साथ जमकर होली खेली।
ये सितारे भी खेलते हैं होली
अभिनेता अली फजल भी रंगों का त्योहार मनाते हैं। बीते दिन वे एक्ट्रेस पत्नी ऋचा चड्ढा के साथ शबाना आजमी और जावेद अख्तर की होली पार्टी में पहुंचे। इनके अलावा देवोलीना भट्टाचार्य के पति शहनवाज शेख भी होली सेलिब्रेट करते हैं। अली गोनी भी यह त्योहार मनाते हैं।
कमेंट
कमेंट X