‘मिस्टर इंडिया’ का सीक्वल बनाना चाहते हैं इमरान खान, इस एक्टर को लीड रोल में लेने की जताई इच्छा?
Imran Khan: काफी लंबे वक्त से बतौर लीड एक्टर बड़े पर्दे से दूर अभिनेता इमरान खान ने अब मिस्टर इंडिया का सीक्वल बनाने की इच्छा जताई है। जानिए फिल्म को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
अनिल कपूर स्टारर ‘मिस्टर इंडिया’ अपनी रिलीज के 29 साल बाद भी दर्शकों के बीच काफी पॉपुलर है। फिल्म को हर पीढ़ी के दर्शक काफी पसंद करते हैं। कई बार फिल्म का सीक्वल बनाने की भी चर्चाएं उठीं। अब अभिनेता इमरान खान ने ‘मिस्टर इंडिया’ का रीमेक बनाने की इच्छा जताई है।
‘मिस्टर इंडिया’ के फैन रहे हैं इमरान
हाल ही में रेडिट के एक आस्क मी एनिथिंग सेशन में इमरान खान ने फैंस के अलग-अलग सवालों के जवाब दिए। इसी दौरान एक प्रशंसक ने इमरान खान से पूछा, ‘अगर आपको कभी दुनिया के किसी भी इंडस्ट्री के किसी भी पॉपुलर किरदार (सुपरहीरो सहित) को अपने नजरिए से फिर से लिखने का मौका मिले, तो आप किसे चुनेंगे?’
इसके जवाब इमरान ने कहा कि यह सुनने में थोड़ा अजीब लगेगा, लेकिन कई साल से मेरा सपना रहा है कि मैं ‘मिस्टर इंडिया’ का सीक्वल बनाऊं। मैं इस फिल्म का बहुत बड़ा फैन रहा हूं। क्योंकि यह एक फिक्शनल कॉमिक बुक फिल्म को यथार्थवादी और इमोशनल रूप से मजबूत बनाने का एक बेहतरीन उदाहरण है। यह शानदार है। अनिल कपूर आज भी उतने ही अच्छे दिखते हैं जितने तब दिखते थे।
इमरान को पसंद है ‘मिस्टर इंडिया’ की मासूमियत
इसी दौरान इमरान से पूछा गया, ‘‘मिस्टर इंडिया’ एक महान किरदार हैं। उनकी यात्रा का आधुनिक रूप देखना बहुत रोमांचक होगा। इसलिए इसमें कुछ भी अजीब नहीं है। लेकिन क्या आप उसे एक हीरो वाला कैरेक्टर ही रखेंगे या एक क्लासिक विलेन के रूप में बदलने का जोखिम उठाना चाहेंगे?’
इस पर इमरान ने कहा कि मेरे लिए इस किरदार की खूबसूरती उसकी ईमानदारी और आदर्शवाद में ही है। एक्टर ने कहा कि मुझे सच में लगता है कि मूल फिल्म में अनिल कपूर का जो आकर्षण और मासूमियत थी, उसे रीमेक में आप बखूबी निभा सकते हैं। मुझे जरूर बताएं कि मैं इसके लिए कहां साइन अप कर सकता हूं।
1987 में रिलीज हुई थी ‘मिस्टर इंडिया’
शेखर कपूर द्वारा निर्देशित ‘मिस्टर इंडिया’ साल 1987 में रिलीज हुई थी। यह एक लोकप्रिय सुपरहीरो फिल्म है। इसमें अनिल कपूर ने अरुण वर्मा का किरदार निभाया है, जो एक वायलिन वादक है और अनाथ बच्चों का पालन-पोषण करता है।
उसे अपने पिता की अदृष्य हो जाने वाली घड़ी मिल जाती है। इसके बाद वह बुराई से लड़ने के लिए ‘मिस्टर इंडिया’ बन जाता है। फिल्म में श्रीदेवी ने पत्रकार सीमा (उर्फ हवा हवाई) का किरदार निभाया है। जबकि अमरीश पुरी ने विलेन मोगैम्बो का खतरनाक किरदार अदा किया है।
इमरान खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता आखिरी बार इसी साल रिलीज हुई फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में एक छोटी सी भूमिका में नजर आए थे। उनकी लीड हीरो के रूप में अगली फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ है। इसमें उनके साथ भूमि पेडनेकर प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी। इस फिल्म के जरिए इमरान लगभग 11 साल बाद लीड एक्टर के तौर पर वापसी करेंगे।