फिल्म चलाने के लिए विद्या हुईं प्रेगनेंट?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सबकी नजरें इन दिनों एक बार फिर से विद्या बालन पर टिकी हुई हैं। सवाल है कि क्या विद्या प्रेग्नेंट हैं? विद्या की फिल्म ‘शादी के साइड इफेक्ट्स’ रिलीज को तैयार है और इसमें वह एक दुधमुंहे बच्चे की मां का रोल कर रही हैं। लेकिन यह रोल उन्हें लेकर लगाई जा रही अटकलों का सबब नहीं है।
असल में फिल्म के प्रमोशन के लिए विद्या जिस तरह से ढीले ढाले कपड़े पहन कर सब जगहों पर जा रही हैं, उससे चर्चाएं तेज हुई जा रही हैं। परंतु कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि कहीं यह सिर्फ फिल्म को प्रमोट करने की कवायद तो नहीं है।
पहले भी कर चुकीं हैं ऐसा
उल्लेखनीय है कि 2012 में विद्या अपनी फिल्म ‘कहानी’ के प्रमोशन के लिए गर्भवती महिला का भेस बना कर मुंबई की लोकल ट्रेनों और बसों में घूमी थीं। निर्देशक सुजॉय घोष की इस फिल्म में बालन ने विद्या बागची नाम की महिला का किरदार निभाया था, जो लंदन से कोलकाता अपने पति को खोजते हुए आई है।
विद्या के इस अवतार ने फिल्म को चर्चित करने में बड़ी भूमिका निभाई थी और ‘कहानी’ उनकी अब तक की खास फिल्मों में गिनी जाती है। कहीं ‘शादी के साइड इफेक्ट्स’ के लिए भी विद्या कुछ वैसा ही तो नहीं कर रहीं? सच क्या है, यह आने वाले कुछ दिनों में सामने आ जाएगा।
फिल्मी गलियारों में विद्या को लेकर लग रही अटकलों का कारण एक तो यह है कि दिसंबर 2012 में हुई उनकी शादी को साल भर से ज्यादा हो चुका है। लेकिन हाल के दिनों में कुछ ऐसी खबरें आईं जिन्होंने इन बातों को हवा दी।
कुछ दिनों पहले पता चला था कि विद्या नियमित रूप से बांद्रा के एक अस्पताल में जा रही हैं और उस अस्पताल के स्टाफ को उनके बारे में बात करने रोक दिया गया है। खास बात यह है कि विद्या अकेली डॉक्टर के पास नहीं जा रही हैं, बल्कि उनके परिवार का कोई न कोई सदस्य भी उनके साथ होता है।
कब आईं चर्चाओं में?
सूत्रों की मानें तो विद्या के गर्भवती होने की खबर इस बात से भी चर्चा में आई कि पिछले दिनों जब वह एक डांस रियलिटी शो के सेट पर गई थीं तो वहां उन्होंने लोगों के आग्रह करने पर भी डांस करने से इंकार कर दिया था। कुछ हल्के-फुल्के स्टेप्स के बाद वह वापस सीट पर बैठ गई थीं। बताया जाता है कि शो के दौरान विद्या कुछ असहज महसूस कर रही थीं और उन्होंने दवाएं भी खाई थीं।
एक और बात तो विद्या को लेकर हो रही चर्चाओं को हवा दे रही है, वह यह कि यह अभिनेत्री इन दिनों कहीं भी साड़ी में नजर नहीं आ रही। आम तौर पर विद्या किसी भी कार्यक्रम में जाती हैं तो साड़ी पहने रहती हैं। परंतु इन दिनों ऐसा नहीं हो रहा है। उनके ढीले कपड़े ऐसे होते हैं कि वे पैरों तक उनमें ढंकी रहती हैं। ऐसा नहीं है कि मीडिया ने इस संबंध में विद्या से सवाल नहीं किया है कि क्या वह प्रेग्नेंट हैं? विद्या हर बार इस हंस कर या तो टाल गईं या फिर इंकार कर दिया।
लेकिन उनके इंकार पर विश्वास नहीं किया जा रहा क्योंकि मीडिया के लोगों को खूब अच्छे से याद है कि उनकी शादी की तारीख सूत्रों ने सार्वजनिक कर दी थी तो विद्या ने इसे झूठ बताया था। जबकि उसी तारीख (14 दिसंबर) को विद्या ने बांद्रा (मुंबई) में एक सादे समारोह में सिद्धार्थ रॉय कपूर से विवाह कर लिया था। ऐसे में अब विद्या के इंकार पर विश्वास करना लोगों के लिए कठिन हो रहा है।