ALT EFF 2021: पर्यावरणीय फिल्म फेस्टिवल को मिला जैकी श्रॉफ का साथ, इस साल दिखेंगी ये फिल्में
द ऑल लिविंग थिंग्स एनवायरनमेंटल फिल्म फेस्टिवल से जुड़ने के बारे में अभिनेता जैकी श्रॉफ कहते हैं, एएलटी ईएफएफ (ALT EFF) की इस साल की फिल्में देखने के लिए मैं बहुत ही उत्सुक हूं। फिल्में भविष्य के लिए अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए एक शक्तिशाली माध्यम हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पर्यावरण से जुड़े सिनेमा को लेकर दुनिया भर में मशहूर फिल्मकार माइक पांडे की अगुआई में होने वाले द ऑल लिविंग थिंग्स एनवायरनमेंटल फिल्म फेस्टिवल (ALT EFF) को इस बार चर्चित अभिनेता जैकी श्रॉफ का भी साथ मिल गया है। वह इस फिल्म फेस्टिवल के गुडविल ब्रांड अंबेसडर बने हैं। इस साल का फिल्म फेस्टिवल 9 से 17 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस साल देश विदेश की कुल 44 फिल्मों को इस फेस्टिवल की 10 अलग अलग श्रेणियों में प्रदर्शित किया जाएगा। द ऑल लिविंग थिंग्स एनवायरनमेंटल फिल्म फेस्टिवल (ALT EFF) को जिन दस श्रेणियों में विभाजित किया गया है, उनके नाम है- ड्राइव-थ्रू शॉर्ट्स, एक्टिविजन, मिडनाइट टेल्स, व्हाट्स ऑन योर प्लेट?, सैपलिंग स्टोरीज (किड्स फ्रेंडली), फ्लक्स एंड फॉर्म, ए चेज ऑफ होप, न्यू वॉइसेस, डीप डाइव कहानिया और प्रोग्रामर की पसंद। इस साल कुल 31 देश इस फेस्टिवल में हिस्सा ले रहे हैं। इनकी कुल 33 फिल्मों का इस फेस्टिवल के दौरान प्रीमियर होगा।
फेस्टिवल की सलाहकार के तौर पर फिल्मकार माइक पांडे के साथ टीम में सोफी विसिवरमन भी बतौर सलाहकार शामिल हुई है। माइक ने पर्यावरण संबंधी फिल्म निर्माण के क्षेत्र में 35 साल से अधिक समय बिताया है। फेस्टिवल के निदेशक कुणाल खन्ना कहते हैं, "मनुष्य एक अस्तित्वगत संकट में है और यह इस बात का परिणाम है कि हम अपने अलावा अन्य सभी प्रजातियों और पारिस्थितिक तंत्रों के साथ कैसा व्यवहार कर रहे हैं। हमें अपने काम करने के तरीके में एक मौलिक और व्यवस्थित बदलाव की आवश्यकता है। फिल्म को अपने मुख्य माध्यम के रूप में उपयोग करते हुए ALT EFF एक ऐसा मंच और संगम है जो जलवायु आपातकाल को संबोधित करने के लिए महत्वपूर्ण सोच को पोषित और प्रेरित करेगा।"
वहीं इस फेस्टिवल से जुड़ने के बारे में अभिनेता जैकी श्रॉफ कहते हैं, "एएलटी ईएफएफ (ALT EFF) की इस साल की फिल्में देखने के लिए मैं बहुत ही उत्सुक हूं। फिल्में भविष्य के लिए अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए एक शक्तिशाली माध्यम हैं। अगली पीढ़ी के लिए यह उनसे लिया गया ऋण है, मिट्टी, पानी और बीज हम उन सभी को दूषित करते जा रहे हैं जो अगली पीढ़ी की विरासत है। पर्यावरण बहाली के बारे में शुरू हुई इस मुहिम का हिस्सा बनकर मैं बहुत खुश हूं।"
द ऑल लिविंग थिंग्स एनवायरनमेंटल फिल्म फेस्टिवल (ALT EFF) के आयोजकों के मुताबिक ये फेस्टिवल उन फिल्म निर्माताओं, रचनाकारों और कलाकारों को समर्थन देने के लिए समर्पित है जो प्रभावशाली कहानी कहने के माध्यम से दर्शकों को पर्यावरणीय विषयों से जोड़ना चाहते हैं। यह कला के माध्यम से लोगों को एक साथ लाने और जलवायु न्याय आंदोलन से जुड़े मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता के आधार पर स्थापित किया गया था।