सद्गुरु इस रेडियो शो में लेंगे विद्या बालन का स्थान, यहां पढ़िए कार्यक्रम की रोचक जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अध्यात्म के प्रचारक और ईशा फाउंडेशन के संस्थापक जग्गी वासुदेव उर्फ सद्गुरु अब एक नए अवतार में आने वाले हैं। वह रेडियो पर उस कार्यक्रम के संचालक की भूमिका संभालने वाले हैं जिसकी कमान पिछले साल मशहूर अभिनेत्री विद्या बालन के पास रही थी। जानकारी के मुताबिक ये रेडियो शो एक चर्चित एफ एम चैनल पर प्रसारित होगा और इसकी रिकॉर्डिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
सद्गुरु के नाम से अपने शुभचिंतकों और प्रशंसकों में चर्चित जग्गी वासुदेव ने पिछले 20 साल में अपनी एक अलग छवि सेहत के बाजार में बनाई है। अध्यात्म, योग, आयुर्वेद के साथ साथ मानसिक चेतना को लेकर भी देश के तमाम मशहूर लोगों ने अपना एक अलग वर्ग तैयार किया है, और इन लोगों के बीच वह अपने उत्पादों की खपत भी एक तयशुदा कार्यक्रम के तहत करते हैं।
‘धुन बदल के तो देखो’ वैसे तो सोनू निगम का गाया एक बेहतरीन गाना है लेकिन ये गाना दरअसल एक एफएम चैनल के प्रचार अभियान का हिस्सा है और इसी कैच लाइन पर ये एफएम चैनल एक इंटरैक्टिव शो का भी प्रसारण करता है। पिछले साल इस शो की मेजबान थीं अभिनेत्री विद्या बालन, जो इससे पहले फिल्मों में भी रेडियो अनाउंसर या कहें कि रेडियो जॉकी की भूमिकाएं निभा चुकी हैं।
जग्गी वासुदेव उर्फ सद्गुरु के लिए रेडियो पर काम करने का ये पहला मौका बताया जा रहा है। ‘धुन बदल के तो देखो’ की मेजबानी करते हुए वह इस शो में अलग अलग क्षेत्रों की मशहूर शख्सियतों को भी आमंत्रित कर सकते हैं। उनकी विल स्मिथ, क्रिस्टोफर हिवजू, कंगना रणौत, रणवीर सिंह और करण जौहर के साथ की वार्ताएं काफी चर्चित रही हैं।
रेडियो के देश में बढ़ते प्रचार प्रसार के बीच मशहूर शख्सियतों के रेडियो शो होस्ट करने की परंपरा काफी अरसे से चली आ रही है। अनु कपूर का रेडियो शो एफएम का सबसे लोकप्रिय शो माना जाता है। सतीश कौशिक का फिल्म आधारित शो भी काफी लोकप्रिय रहा है। किस्सागोई के भी तमाम शोज नीलेश मिसरा आदि ने रेडियो पर बनाए हैं लेकिन पॉडकास्ट का ट्रेंड शुरू होने के बाद से रेडियो शोज का आकर्षण धीरे धीरे कम भी हो रहा है।