श्रद्धांजलि: रायन स्टीफेन को याद कर भावुक हुईं काजोल, शॉर्ट फिल्म 'देवी' में साथ किया था काम
हाल ही में फिल्म प्रोड्यूसर रायन स्टीफेन का कोरोना से निधन हो गया था। कई फिल्मी सितारों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी थी। अब काजोल ने एक भावुक कर देने वाला पोस्ट साझा किया है। काजोल और रायन ने शॉर्ट फिल्म 'देवी' में साथ काम किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मनोरंजन जगत पर कोरोना का गहरा असर देखने को मिला है। जहां एक तरफ फिल्मों की शूटिंग पर रोक लगा दी गई है वहीं दूसरी ओर कई सितारे इस खतरनाक वायरस की चपेट में आ चुके हैं। इसके अलावा कई सितारे अपनी जान से हाथ तक धो बैठे। कुल मिलाकर कोरोना काल में मनोरंजन जगत को भारी क्षति झेलनी पड़ी है। हाल ही में प्रोड्यूसर रायन स्टीफेन का कोरोना के कारण ही निधन हो गया था। जिसके बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई थी। 50 वर्षीय रायन का बीते कुछ दिनों से इलाज चल रहा था लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था और उन्होंने शनिवार यानी 29 मई को दुनिया को अलविदा कह दिया। रायन के निधन पर कई फिल्मी सितारों ने उन्हें ऑनलाइन श्रद्धांजलि दी थी। हाल ही में काजोल ने भी उनकी आकस्मिक मौत पर दुख जाहिर किया है।
दरअसल, काजोल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से रायन के साथ अपनी तस्वीरों का एक कोलाज साझा किया है। काजोल ने कैप्शन में लिखा, 'हमेशा साथ रहने वाले दोस्त, हमेशा आपको याद करूंगी।' इसके साथ-साथ काजोल ने मशहूर हॉलीवुड सिंगर क्रिस री के गाने की कुछ लाइनें भी लिखी हैं। यह एक अंग्रेजी गाना जिसका अर्थ कुछ इस तरह है - कोई बताओ कि यह सच है, इसकी वजह बताओ कोई, वहां स्वर्ग है, बताओ कि ये लोग कहां जाते हैं, बताओ कि जो वहां गए सभी खुश हैं ....
देखें काजोल का पोस्ट -
काजोल के साथ-साथ कई अन्य सितारों ने भी रायन को श्रद्धांजलि दी है। श्रुति हासन, वरुण धवन, कियारा आडवाणी, ऋचा चड्ढा, मनोज बाजपेयी समेत कई सितारों ने उनके निधन पर दुख जताया है।साथ ही द फैमिली मैन सीरीज के राइटर और प्रोड्यूसर सुपर्ण वर्मा ने भी उन्हें भाव विभोर कर देने वाली श्रद्धांजलि दी थी। एक ट्वीट कर उन्होंने लिखा था, 'जीवन बेहद क्रूर है लेकिन आप दयालु थे। इस निर्दयी दुनिया में आपकी करुणा के लिए धन्यवाद। मुझे खुशी है कि हमने कुछ कहानियों पर एक साथ काम किया, उन्हें लिखने का आनंद आपकी वजह से था। आप अपने पीछे बहुत से लोग छोड़ गये जो आपसे प्यार करते हैं.. भगवान आपका भला करे।'